सितार गुटखा बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़, छापेमारी में 82 लाख का माल जब्त, मैनेजर हिरासत में

सोमनी के बंद फैक्ट्री से चल रहा था सितार गुटखा का कारोबार

सितार गुटखा बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़, छापेमारी में 82 लाख का माल जब्त, मैनेजर हिरासत में

राजनांदगांव। सोमनी इलाके के बंद फैक्ट्री में अवैध रूप से संचालित गुटखे की ठिकाने पर पुलिस व प्रशासन ने रेड डालते हुए 82 लाख का माल जब्त किया है। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के मैनेजर भंवरलाल चौधरी को गिरफ्तार किया गया है।
सोमनी इलाके में सितार गुटखा बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस व प्रशासन की टीम ने शनिवार देर शाम फैक्ट्री में छापेमारी की। जहां से 82 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। मौके से अवैध फैक्ट्री के मैनेजर भंवरलाल चौधरी को हिरासत में लिया गया है। जो मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं।
सीएसपी अमित पटेल ने बताया कि जोरातराई-कोपेडीह मार्ग में मौजूद एक बंद पड़ी फैक्ट्री में गुटखा बनाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने पूरी तैयारी के साथ मौके पर छापेमारी की। जहां अलग-अलग कंपनी के गुटखा बनाने का काम जारी था। पुलिस टीम ने गुटखा बनाने के लाइसेंस से लेकर दूसरे दस्तावेज की मांग की। लेकिन मैनेजर के पास कुछ भी मौजूद नहीं था। पूरी तरह से अवैध ढंग से गुटखा बनाने का काम किया जा रहा था। इसके बाद मौके पर डंप गुटखा पाउच सहित गुटखा बनाने के सामानों को जब्त किया गया। जब्त सामान की कीमत 82 लाख 14 हजार रुपए है।
सीएसपी ने बताया कि मौके से जब्त गुटखे और दूसरे केमिकल्स का सैंपल फूड एंड सेफ्टी विभाग को भेजा गया है। जहां जब्त सैंपल का परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी। अवैध फैक्ट्री में बन रहा गुटखा पूरी तरह नकली है। जिसे ब्रांडेड गुटखों के पाउच में भरकर बाजार में खपाया जा रहा था।
अवैध फैक्ट्री के संबंध में पुलिस का दावा है कि इसका संचालन तीन माह से हो रहा है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में वर्कर्स और मैनेजर ने उन्हें यही जानकारी दी है। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार करीब सालभर से फैक्ट्री में गतिविधियां चल रही है। फैक्ट्री को सामने से तो पूरी तरह बंद रखा जाता था। लेकिन भीतर लोग मौजूद रहते थे।