भाजपा ने भिलाई नगर निगम में किया मटका फोड़ प्रदर्शन, आयुक्त को सौंपा मांगों का ज्ञापन

भाजपा ने भिलाई नगर निगम में किया मटका फोड़ प्रदर्शन, आयुक्त को सौंपा मांगों का ज्ञापन

भिलाई। मंगलवार को भाजपा की भिलाई जिला इकाई ने भिलाई नगर निगम का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपाइयों और महिलाओं ने निगम के सामने मटका फोड़ कर अपना आक्रोश जताया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उन्होंने लोगों को बताया कि निगम में विकास के नाम पर किस तरह से कमीशन खोरी का खेल चल रहा है। प्रदर्शन के दौरान भाजपाइयों को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा खुद एएसपी संजय ध्रुव ने संभाला। पुलिस ने निगम के मुख्य गेट को बंद कर दिया था। उसके आगे बेरीकेट्स लगाए थे, जिससे प्रदर्शनकारी आगे ना जा सकें। निगम के अंदर घुसने के लिए प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर झूमा झटकी हुई। भाजपाइयों ने बेरीकेट्स को गिराकर निगम के गेट को तोडऩे की कोशिश की। बाद में पुलिस ने कार्रवाई की चेतावनी दी, उसके बाद वो लोग शांत हुए।
भाजपा के भिलाई जिला अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया ने कहा कि हम लगातार जनता के बीच जा रहे हैं, उनकी समस्या सुन रहे हैं। कांग्रेस की सरकार भ्रष्ट हो गई है निगम में 18 परसेंट कमीशन खोरी के साथ भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा है। यह अब बर्दाश्त से बाहर हो गया है। शहर सरकार नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे दे नहीं तो आगे और इससे बड़ा उग्र प्रदर्शन होगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि उन्होंने अपनी मांगों को लेकर 18 बिंदुओं का ज्ञापन निगम कमिश्नर को सौंपा है। निगम कमिश्नर ने आश्वासन तो दिया है लेकिन उनको पूरा करने में वे पूरी तरह से फेल है। उन्होंने कहा की शहर के अलग-अलग वार्डों में विभिन्न प्रकार की समस्याएं व्याप्त हैं। लोगों को छोटी छोटी चीजों के लिए दो चार होना पड़ रहा है। गर्मी में पेयजल का संकट गहरा गया है। शहर की अंदरूनी सड़कों का हाल बुरा है। सफाई व्यवस्था चौपट है। स्ट्रीट पोलों पर लाइट नहीं है, साथ ही सीसीटीवी की भी व्यवस्था नियम द्वारा नहीं की गई इससे सुरक्षा की भी चिंता लोगों को सता रही है। जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है शराब के नाम पर घोटाले किए जा रहे हैं। निगम में भी कमीशन खोरी का खेल चल रहा है। निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम गिर जा रहा है और उसकी जांच रिपोर्ट तक नहीं आई है। निगम आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने कहा कि पार्षदों की सभी मांगों को पूरा किया जा रहा है। जहां जहां भी समस्याएं हैं उनको दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसा नहीं है कि सभी जगह पानी की व्यवस्था और कमी है। पानी की पर्याप्त सप्लाई की जा रही है। जहां पर भी पानी की कमी है वहां टैंकरों से आपूर्ति की जा रही है।