दिल्ली कूच पर किसानों को रोका, बॉर्डरों पर हाई अलर्ट, भारत-अमेरिका समझौते के विरोध में निकले किसान
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने विभिन्न सीमाओं पर रोक दिया। यूपी-दिल्ली बॉर्डर सील, कई जगह जाम की स्थिति, बहादुरगढ़ और शाहाबाद में किसानों का प्रदर्शन।

नई दिल्ली/गाजियाबाद/बहादुरगढ़। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में मंगलवार को प्रस्तावित किसान आंदोलन को देखते हुए दिल्ली से सटी सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यूपी, हरियाणा और दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। किसानों के दिल्ली कूच को रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है, जिससे आम लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार देर रात से ही यूपी गेट, दिल्ली-यूपी अप्सरा बॉर्डर और अन्य प्रमुख सीमाओं पर पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया था। मंगलवार सुबह होते ही गाजियाबाद के इंदिरापुरम, खोड़ा, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन और टीला मोड़ सहित कई क्षेत्रों में सुरक्षा और बढ़ा दी गई।
यूपी बॉर्डर पर लंबी वाहनों की कतारें
दिल्ली जाने वाले मार्गों पर वाहनों की जांच के कारण कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। ऑफिस जाने वाले लोगों और दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रभारी डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि सुरक्षा कारणों से सभी वाहनों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वाहनों को दिल्ली की ओर भेजा जा रहा है।

कुरुक्षेत्र में रोके गए किसान
दिल्ली कूच कर रहे किसानों को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में भी रोक दिया गया। पंजाब और अंबाला की ओर से आने वाले किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने भारी पुलिस बल तैनात किया है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं। पुलिस ने हाईवे पर रेत से भरे डंपर भी खड़े कर दिए हैं ताकि किसी भी स्थिति में किसान वाहनों को आगे बढ़ने से रोका जा सके। इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसान मौके पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं।
बहादुरगढ़ में किसानों ने लगाया जाम
भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के नेतृत्व में दिल्ली की ओर बढ़ रहे किसानों को बहादुरगढ़ के पास अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER) पर दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। किसानों की लगभग पांच बसों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
पुलिस कार्रवाई के विरोध में किसानों ने बहादुरगढ़ बाईपास के पास सड़क पर धरना देकर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
पटियाला सहित कई जिलों से पहुंचे किसान
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:15 बजे पंजाब के पटियाला और अन्य जिलों से आए सैकड़ों किसान बसों में सवार होकर दिल्ली की ओर बढ़ रहे थे। दिल्ली सीमा से पहले ही उन्हें रोक दिया गया।
किसान नेताओं का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर दिल्ली जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें राजधानी में प्रवेश करने से पहले ही रोक दिया।
समझौता रद्द करने की मांग
किसानों का मुख्य विरोध भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर है। किसान संगठनों का आरोप है कि यह समझौता कृषि क्षेत्र और किसानों के हितों के खिलाफ है। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार से इस समझौते को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
किसान नेताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर वे लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रहे हैं और उन्हें दिल्ली जाकर अपनी बात रखने का अधिकार है।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
दिल्ली, यूपी और हरियाणा पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
