अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़, 35 लाख का माल जब्त, 4 गिरफ्तार

अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़, 35 लाख का माल जब्त, 4 गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कबीर नगर थाना पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में डीजल-पेट्रोल बरामद किया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कबीर नगर क्षेत्र में कान्हा ढाबा के पीछे स्थित ईपी रोलिंग मिल के पास अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण कर रहे थे और उसे खुले बाजार में बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने मौके से 8 ड्रमों में भरा 1,600 लीटर पेट्रोल, 3 ड्रमों में 500 लीटर डीजल तथा एक टैंकर में भरा 12,000 लीटर डीजल बरामद किया। इसके अलावा 1.30 लाख रुपये नकद, मोटर पंप, कीप और कटिंग ड्रम भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार कुल 14,100 लीटर ईंधन और अन्य सामग्री सहित जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 35.45 लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी उरला और आमानाका क्षेत्र में इसी तरह के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया, उमेश साव, रामजी यादव और धर्मेंद्र साव शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध ईंधन कहां से लाया जा रहा था और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है तथा मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।