वैशाली नगर जोन-2 में निगम की बड़ी कार्रवाई, शासकीय जमीन पर बना अवैध निर्माण ढहाया


भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वैशाली नगर क्षेत्र में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जोन-2 वैशाली नगर में की गई। निगम प्रशासन के अनुसार दीपेश कुमार नथवानी द्वारा अपने 650 वर्गफीट के रजिस्ट्री क्षेत्रफल से अतिरिक्त शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण किया गया था। मामले को लेकर प्रस्तुत अभ्यावेदन जिला नियमितीकरण समिति तथा आयुक्त राजस्व संभाग स्तर पर पहले ही निरस्त किया जा चुका था।

जोन-2 वैशाली नगर के राजस्व विभाग ने संबंधित निर्माणकर्ता को कई बार नोटिस जारी कर अतिरिक्त शासकीय भूमि पर किए गए निर्माण को स्वयं हटाने के निर्देश दिए थे। साथ ही निर्धारित समय में निगम को इसकी जानकारी देने के लिए भी कहा गया था, लेकिन निर्माणकर्ता द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।

इसके बाद मंगलवार को निगम के राजस्व विभाग, बेदखली शाखा और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर में ऐसे मामलों की लगातार निगरानी की जा रही है और भविष्य में भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
