अपमान का बदला लेने कर दी युवक की हत्या

अपमान का बदला लेने कर दी युवक की हत्या

बिलासपुर। शराब के नशे में दो ग्रामीणों के बीच विवाद के बाद हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों ग्रामीण युवक एक साथ शराब पीने गए थे। गांव लौटने पर युवक ने सबके सामने दूसरे युवक को गाली दी, तब उसने थप्पड़ मारा। लेकिन, इतने में उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह अपने घर से फावड़ा (रपली) लेकर आया और अपमान का बदला लेने के लिए युवक को मार डाला। रविवार दोपहर जंगल में युवक की लाश मिलने पर हत्या का पता चला। ग्रामीणों ने युवक के साथ विवाद होते देखा था, तब उस पर ही हत्या करने का शक था। सर्च डॉग भी जंगल से दो किलोमीटर दूर गांव पहुंचकर युवक के घर में ही घुसा था। यह पूरा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।
पचपेड़ी क्षेत्र के ग्रामीण मवेशियों को चराने के लिए चिल्हाटी और गोड़ाडीह के जंगल तरफ गए थे। पास ही सुकुलकारी का गौठान है और उसके पीछे जंगल है। ग्रामीण अपने मवेशियों को चराते हुए गौठान के पीछे जंगल तरफ पहुंच गए। तभी उन्होंने युवक के शव को देखा। शव के आसापास खून के भी निशान थे। इससे घबराए चरवाहों ने घटना की जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी।
युवक की लाश मिलने की खबर मिलते ही कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहां गोड़ाडीह, चिल्हाटी और सुकुलकारी के ग्रामीण पहुंचे थे, जिन्होंने युवक की पहचान चिल्हाटी निवासी सनी केवट (36 वर्ष) के रूप में की। इसके बाद युवक के परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि सनी केंवट मूलत: जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र के भोई गांव का रहने वाला था। शादी के बाद पिछले दस साल से वह अपने ससुराल चिल्हाटी में रहता था और रोजी-मजदूरी करता था। वह शराब पीने का आदी भी था।
परिजनों ने बताया कि सनी सुबह करीब 7 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं आया। पुलिस जब गांव वालों से पूछताछ कर रही थी, तब पता चला कि सनी गांव के ही जोहन यादव पिता मान सिंह (32) के साथ सुबह शराब पीने गया था। लौटने के बाद अटल चौक में दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। इस दौरान जोहन ने उसकी पिटाई भी की थी। इसलिए पुलिस को उस पर शक हुआ।
पुलिस ने जांच के लिए सर्च डॉग भी बुलाया था। सर्च डॉग घटनास्थल जंगल से मृतक के पकड़ों को सूंघकर गांव की तरफ दौड़ते गया। फिर डॉग जोहन यादव के घर तक पहुंच गया। तब तक पुलिस को यह पता नहीं था कि जोहन यादव ने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस चार-पांच संदेहियों को पकड़कर पूछताछ कर रही थी। इस दौरान भी सर्च डॉग जोहन को देखकर बार-बार भौंक रहा था।
जोहन यादव पहले हत्या की घटना को अंजाम देने से इंकार करता रहा। सर्च डॉग के पहचान करने और सनी से उसके विवाद होने की बात सामने आई, तब उसने अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि शराब के नशे में सनी उसे गाली दे रहा था। गांव में भी सबके सामने गाली दिया, तब उसे थप्पड़ मारा था। लेकिन, इसके बाद भी वह अपमान का बदला लेने की फिराक में था। इसलिए वह पहले   अपने घर गया और तबली लेकर उसकी तलाश करते हुए जंगल पहुंचा। जंगल में सनी मिला, तब उसे पहली बार वार किया, जिस पर वह भागने लगा। उसने दौड़ाकर उसे तबली से मार दिया। फिर तबली को 200 मीटर दूर छिपाकर अपने घर आ गया। पुलिस ने आरोपी जोहन की निशानदेही पर जंगल से तबली को भी बरामद किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज के साथ एएसआई सहेत्तर कुर्रे, प्रधान आरक्षक पवन सिन्हा, आरक्षक शिव बंजारे, हरिशंकर चंद्रा शामिल रहे।