12 वर्षों से नरकीय जीवन जीने को मजबूर सुन्दर विहार फेस-1 कॉलोनीवासी

हैंडओवर के 12 वर्ष बाद भी एक सड़क नहीं बना सकी नगर निगम भिलाई

12 वर्षों से नरकीय जीवन जीने को मजबूर सुन्दर विहार फेस-1 कॉलोनीवासी

भिलाई  (सुवांकर रॉय)। । वार्ड क्रमांक 22 कुरूद में स्थित सुन्दर विहार फेस-1 कॉलोनी को नगर निगम द्वारा अधिग्रहण किए जाने के वर्षों बाद भी वहां निवासरत लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यहां सड़क है वह भी कच्ची, सिवरेज की कोई व्यवस्था नहीं है। इसलिए घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। हल्की बारिश में ही सड़क दलदल में तब्दील हो जाता है। सन 2021 में जर्जर सड़क के कारण एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी। जनप्रतिनिधियों सहित अफसरों को कई बार आवेदन देने के बाद भी सिर्फ आश्वासन ही मिला। इस कारण यहां निवासरत लोग वर्षों से मानसिक रूप से परेशान हैं। गत दिनों नगर निगम भिलाई के सदन में 760 करोड़ रुपए का बजट पारित किया गया, लेकिन हैरानी की बात है कि विगत 12 वर्षों से सुन्दर विहार कॉलोनी फेस-1 के रहवासी एक सड़क के लिए नगर निगम भिलाई की ओर मुहं ताके खड़े हैं, लेकिन सड़क निर्माण व संधारण की लिस्ट में कुरूद के इस सड़क का नाम नहीं है।
नगर निगम भिलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 22 कुरूद में सुन्दर विहार कॉलोनी फेस 1 स्थित है। यहां की वर्तमान पार्षद अनिता साहू हैं। इस वार्ड को नगर निगम भिलाई ने सन् 2013 को अपने हैंडओवर में लिया था। नगर निगम द्वारा अधिग्रहण के लगभग 12 वर्ष बाद भी इस कॉलोनी की स्थिति बद से बदतर है। यहां के निवासियों ने बताया कि यहां के जनप्रतिनिधि सहित पार्षद कोई काम का नहीं है। सैकड़ों बार आवेदन देने के बाद भी सुन्दर विहार कॉलोनी फेस-1 के रहवासी नरकीय जीवन जीने को मजबूर है। 

शासकीय जमीन को अपना बताकर ले आउट में दर्शाया रोड
जानकारी के अनुसार सुंदर विहार कॉलोनी के डेवलपर वेद प्रकाश चोपड़ा हैं। सुंदर विहार कॉलोनी वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने नगर तथा ग्राम निवेश विभाग से अनुमोदित ले-आउट के अनुसार सुंदर विहार कॉलोनी फेज-1 में एप्रोज रोड,नाली और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करने के मामले में दो साल पहले नगर पालिक निगम प्रशासन एवं जिला प्रशासन से शिकायत की थी। कई बार शिकायत पर जब सुनवाई नहीं हुई, तब सोसायटी के अध्यक्ष अभय शुक्ला एवं अन्य ने जिला न्यायालय में परिवाद दायर किया। जिसमें यह कहा गया है कि डेवलपर ने फेज-1 के अनुमोदित नक्शे में जिस भूमि पर कॉलोनी के लिए एप्रोच रोड बनाने का दावा किया है वह भूमि डेवलपर वेद प्रकाश चोपड़ा की नहीं  बल्कि शासकीय जमीन है। शासकीय जमीन को अपना जमीन बताकर ले आउट में रोड दर्शाया गया है।

टैक्स पटाने के बाद भी नहीं मिल रही सुविधाएं
सोसायटी के अध्यक्ष अभय शुक्ला, महेन्द्र सिंह, विकास शर्मा, संतोष कुमार, राजेश जायसवाल, जितेन्द्र परमार, लीला ताई, पूनम शुक्ला ने बताया कि कई वर्षों से यहां निवासरत लोग मुख्य सड़क नहीं होने के कारण परेशान हैं। इस विषय में कलेक्टर को भी अवगत कराया गया है। कुछ अधिकारी निरीक्षण के लिए आए भी थे लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सका। कच्ची सड़क होने के कारण हल्की बारिश में सड़क दलदल में तब्दील हो जाता है। नाली नहीं बनी है। गार्डन भी डबलप नहीं की गई है।

अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
इस विषय में जब पार्षद पति अजय साहू से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि निर्दलीय होने के कारण  उनके वार्ड को तबज्जों नहीं दिया जा रहा है। उनके वार्ड क्रमांक 22 कुरूद में कई विकास का अधूरे पड़े हुए है। सुंदर विहार कॉलोनी फेस-1 के मुख्य सड़क के लिए कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं लेकिन आश्वासन के सिबाय कुछ नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि अटल आवास के पास की सड़क भी लंबे समय से जर्जर है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।