इन तीनों पर महाकुंभ में स्नान करती महिलाओं की वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने का आरोप, अस्पतालों के सीसीटीवी भी करते थे हैक
ये आरोपी महंगे रेट पर वीडियो बेचने का धंधा चला रहे थे

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करती महिलाओं के वीडियो यूट्यूब पर अपलोड करने के आरोप में चंद्रप्रकाश फूलचंद, प्रज्जवल अशोक तेली और प्रज राजेंद्र पाटिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस को शक है कि इन लोगों ने देश के 60-70 अस्पतालों के CCTV कैमरों को हैक किया है। अस्पतालों के स्त्री रोग विशेषज्ञों के चैंबर में महिलाओं के चैकअप के वीडियो ये लोग लीक करते थे। छानबीन में इनके पास से महिलाओं के आपत्तिजनक फुटेज मिले हैं।
ज्ञात हो कि 19 फरवरी को राजकोट के पायल अस्पताल में महिलाओं के चेकअप के वीडियो यूट्यूब पर अपलोड करने का मामला सामने आया था, गुजरात पुलिस इस केस की जांच कर रही है। इस केस में पुलिस ने महाराष्ट्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन्ही से पूछताछ के बाद प्रयागराज के यूट्यूबर चंद्रप्रकाश फूलचंद को गिरफ्तार किया गया है। चंद्रप्रकाश के चैनल पर महाकुंभ के 55 से 60 वीडियो अपलोड किए गए थे। इस केस में महाराष्ट्र के लातूर से प्रज्वल अशोक तेली और सांगली से प्रज राजेंद्र पाटिल को गिरफ्तार किया गया है। अहमदाबाद साइबर क्राइम डीसीपी लवीना सिन्हा ने बताया- जांच में पता चला कि तीनों ने महाकुंभ में स्नान करती महिलाओं के वीडियो दूसरे चैनलों को भी बेचे थे। चंद्रप्रकाश फूलचंद खुद वीडियो बनाता। वीडियो अपने चैनल पर अपलोड करके ऑनलाइन बेचता था। आरोपी के टेलीग्राम चैनल पर 100 से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। ये आरोपी महंगे रेट पर वीडियो बेचने का धंधा चला रहे थे।