तेज बारिश ने मचाई तबाही, वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन से 32 श्रद्धालुओं की मौत

कटरा। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी धाम मार्ग पर बड़ा हादसा हुआ है। भारी बारिश से अर्द्धकुंवारी के पास भूस्खलन हो गया, जिसमें 32 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। आशंका है कि मलबे में और भी लोग दबे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।
भूस्खलन अर्द्धकुंवारी गुफा मंदिर के पास इंद्रप्रस्थ भोजनालय के समीप हुआ, जिससे यात्रा मार्ग का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। हादसे के बाद श्री माता वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई है। सेना और प्रशासन के दल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटे हैं।
लगातार बारिश से जम्मू संभाग में हालात बिगड़ गए हैं। बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब 12 जगहों पर भूस्खलन से बंद पड़ा है। चक्की पुल पठानकोट पर बाढ़ जैसे हालात के चलते जम्मू, उधमपुर और कटरा आने वाली 18 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। जम्मू से श्रीनगर जाने वाली दो उड़ानें भी कैंसिल करनी पड़ी हैं।
जम्मू शहर में तवी नदी के उफान पर आने से कई पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भगवतीनगर में पुल का एक हिस्सा धंस गया, जबकि किश्तवाड़ जिले में चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने से रतले पावर प्रोजेक्ट के पास लोहे का पुल बह गया। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे के निर्माणाधीन पुलों को भी नुकसान पहुंचा है। नदियों के उफान से कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। कठुआ, बनी और बिलावर में रावी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। उधमपुर और जम्मू में तवी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कई इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
चार दिन से हो रही मूसलधार बारिश ने जम्मू संभाग के लगभग सभी जिलों को प्रभावित किया है। 2014 के बाद पहली बार इतनी बड़ी जल त्रासदी देखने को मिली है।