कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिले के विभिन्न विकास कार्यों, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिले के विभिन्न विकास कार्यों, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

कलेक्टर सुश्री चौधरी पहुंची स्वामी आत्मानंद जनता इंगलिश मेडियम स्कूल भिलाई -3, अधोसंरचना और आकादमिक गतिविधियों का किया अवलोकन

केवीके के वैज्ञानिकों को जिले में दूध और अण्डा उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कार्य करने दिए निर्देश

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने सीएससी झीट का किया निरीक्षण, दवाईयों के स्टॉक से लेकर ऑपरेशन थियेटर तक का किया गहन अवलोकन

दुर्ग। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने बुधवार जिले के विभिन्न विकास कार्यो एवं गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुर्सीपार स्थित दुर्गा मंदिर बालवाड़ी और प्राथमिक शाला, स्वामी आत्मानंद जनता स्कूल भिलाई-3, कृषि विज्ञान केन्द्र पांहदा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झीट पाटन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

      कलेक्टर ने खुर्सीपार स्थित शासकीय प्राथमिक शाला दुर्गा मंदिर में बालवाड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेषतौर पर बच्चों को पढ़ाई के अलावा अन्य रचनात्मक गतिविधियों के बारे में प्रशिक्षण दिये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि "भवन ही सीखने का साधन है।" बालवाड़ी के भवन में चित्रों और रोचक सजावट के जरिए छोटे बच्चों को किसी भी विषय में सरलता से सिखाया जा सकता है।

संबंधित अधिकारियों ने कलेक्टर को बताया कि आह्वान संस्थान द्वारा समय-समय पर शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी बालवाड़ी व स्कूल के शिक्षकों को दी जा रही है। रचनात्मक गतिविधियों के द्वारा पाठ्यक्रम को और रोचक बनाया जा सकता है जिससे बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ कौशल उन्नयन की ओर बढ़े। इसके अलावा उन्होंने बच्चों को खेलकूद में आगे बढ़ाने हेतु प्रोत्साहित करने कहा।

कलेक्टर ने भिलाई-3 पहुंचकर स्वामी आत्मानंद जनता इंगलिश मिडियम स्कूल भी देखा। उन्होंने प्राचार्य से स्कूल में चल रही विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिसर में बन रहे निर्माणाधीन ऑडिटोरियम भी देखा। उन्होंने परिसर में लैंड स्कैपिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा ऑडिटोरियम के लिए पृथक प्रवेश द्वार बनाने के लिए कहा। ऑडिटोरियम के पृथक द्वार होने से स्कूल की गतिविधियों पर इसका प्रभाव नही पड़ेगा। साथ ही उन्होंने वॉश बेसिन और अन्य आवश्यक जगहों पर सोकपीट बनाने कहा। 

कलेक्टर ने सिरसा गेट चौराहे का भी अवलोकन किया। सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। इसके अलावा सड़क के बीच डिवाइडर बनाने व पौधा रोपण किये जाने के निर्देश दिये। चौराहे पर स्थित सिरसा गेट का सौन्दर्यीकरण किया जाना सुनिश्चित करने कहा।

      कलेक्टर ने पाटन विकास खण्ड के अंतर्गत पांहदा में कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र द्वारा कृषि विकास मृदा उपचार एवं पशु पालन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यो की प्रदर्शनी देख, ज्यादा से ज्यादा किसानों को जागरूक कर इनका लाभ दिलाने कहा। केंद्र के वैज्ञानिकों से चर्चा करते हुए जिले में दुग्ध एवं अण्डा उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कार्य करने कहा। निरीक्षण के दौरान डॉ. विजय जैन को अन्य खेती करने वाले किसानों को नई तकनिकी के साथ उन्हे उन्नत खेती करने प्रोत्साहित किया जाना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने वहां के उत्पादनों को देखा और निर्देशित किया कि अन्य किसानों को प्रशिक्षित करें ताकि वह भी अपनी खेती अच्छे से कर सके। उनके फसल की उत्पादन क्षमता बढ़ सके। साथ ही अधिकारियों से क्षेत्र में उत्पादित होने वाले कृषि उत्पादों को सी-मार्ट के अलावा शहर के प्रमुख शॉपिंग काम्प्लेक्स में भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने झीट में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेषतौर से साफ-सफाई रखने निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने पौधारोपण करने एवं पेवर ब्लॉक लगाये जाने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर के सौन्दर्यीकरण किया जाना सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों के लिए भी बैठक व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अश्वनी कुमार देवांगन, एसडीएम पाटन श्री दीपक निकुंज तथा अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।