सुपेला में शराब भट्टी हटाने कांग्रेस का प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

सुपेला में शराब भट्टी हटाने कांग्रेस का प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

भिलाई नगर। सुपेला स्थित लक्ष्मी मार्केट के मुख्य मार्ग पर संचालित देशी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर रविवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, कोसानाला सुपेला ने एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष नरसिंह नाथ के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। धरना को संबोधित करते हुए भिलाई शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है, लेकिन प्रशासन को इस मांग को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शराब दुकान को नहीं हटाया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगी।

व्यस्त बाजार में शराब दुकान पर आपत्ति

लक्ष्मी मार्केट सुपेला को भिलाई का सबसे व्यस्त बाजार माना जाता है। मुख्य मार्ग से सटे होने के कारण यहां दिनभर ट्रैफिक का दबाव रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान के सामने अक्सर भीड़ लगी रहती है, जिससे यातायात बाधित होता है और आसपास के व्यापारियों व रहवासियों को परेशानी होती है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और सामाजिक माहौल को लेकर भी चिंता जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए कि उन्हें शराब नहीं, शिक्षा चाहिए और नशा नहीं, सुरक्षा चाहिए।

भाजपा विधायक पर भी निशाना

अपने संबोधन में चंद्राकर ने कहा कि भाजपा विधायक ने शराब दुकान हटाने के लिए 90 दिन का समय मांगा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व के कारण प्रशासन इस मुद्दे को नजरअंदाज कर रहा है।

ज्ञापन सौंपा

धरना समाप्ति के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

धरना प्रदर्शन में साडा के पूर्व उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह, अरुण सिंह सिसोदिया, इरफान खान जिला महामंत्री, भूपेंद्र यादव, राजेश साहू, ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ दत्ता, जी. राजू, सभापति भिलाई गिरवर बंटी साहू, एमआईसी सदस्य लालचंद वर्मा, चंद्रशेखर गवई, केशव चौबे, आदित्य सिंह, पार्षद उषा शर्मा, अंजू सुमन सिन्हा, फारुख खान, राधेकांत मिश्रा, सरषीज घोष, निरंजन बिसाई, मो. रफीक, अमीर अहमद ,रविंद्र सिंह, दीपक भाटिया, शमशेर सिद्दीकी, आनंद डोंगरे, अजय सिरवाबीकर, डेरेश्वर बंजारे, हीरा शंकर साहू, मेरिक सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।