दो सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन, निगम कार्यालय में पसरा सन्नाटा

दो सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन, निगम कार्यालय में पसरा सन्नाटा

रिसाली। राज्य कर्मचारी फेडरेशन के आव्हान पर नगर पालिक निगम रिसाली के कर्मचारी बुधवार को धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। आयुक्त आशीष देवांगन कार्यालय पहुंचे और प्लेसमेंट कर्मचारियों से रूटिन का कार्य कराया।
दो सूत्रीय मांग को लेकर निगम कर्मचारी सुबह 10 बजे से मुख्य गेट पर जमा हो गए थे। इस दौरान उन्होंने  नुक्कड़ सभा भी की। कर्मचारियों ने मांग पूरा करने नारे भी लगाए। कर्मचारियों का कहना था कि सुविधाएं उपलब्ध करना है लेकिन उन्हे वाजिब हक नहीं मिल रहा है। प्रदर्शनकारियों में स्वायत्तशासी शासकीय कर्मचारी संघ रिसाली के अध्यक्ष गोपाल सिन्हा, उपाध्यक्ष बृजेन्द्र परिहार, पूर्व अध्यक्ष जगरनाथ कुशवाहा के अलावा नलनिश मिश्रा, विवेकरंगनाथ, किरण वर्मा, अखिलेश वर्मा, कमलेश, टेकराम आदि उपस्थित थे।

कार्य नहीं हुआ बाधित
आंदोलन का असर रिसाली निगम क्षेत्र के दैनिक कार्य जैसे साफ सफाई व जल प्रदाय बाधित नहीं हुआ। कार्य की जिम्मेदारी एक दिन पूर्व ही प्लेसमेंट के तहत कार्य करने वाले कर्मचारियों को दे दी गई थी। आयुक्त ने सुबह मॉर्निंग विजिट के तहत दैनिक होने वाले कार्यो का निरीक्षण किया।

निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
आवश्यक पेंडिग फाइलों का निराकरण करने के बाद आयुक्त विजिट पर निकल गए। इस दौरान उन्होंने निगम क्षेत्र में चलने वाले कार्यो का निरीक्षण किया और संबंधित एजेंसी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कर्मचारियों की मांग
केन्द्र के समान छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को 34 प्रतिशत डीए दिया जाए।
7 वें वेतमान के तहत गृह भाड़ा भत्ता दिया जाए।
00000