दंतैल हाथी ने जमकर मचाया उत्पात, दहशत में कटी ग्रामीणों की रात

  दंतैल हाथी ने जमकर मचाया उत्पात, दहशत में कटी ग्रामीणों की रात

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में दंतैल हाथी का कहर देखने को मिला। जिले के चरामा वन क्षेत्र के दरगाहन, कोटेला, कुरूटोला और भिरौद गांव में दंतैल हाथी पहुंच गया। इस दौरान आधा दर्जन से ज्यादा घरों को दंतैल हाथी ने नुकसान पहुंचाया। घरों को पूरी तरह से तोड़ दिया है। दंतैल हाथी के कारण ग्रामीणों की पूरी रात दहशत में कटी है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दे दी है। फिलहाल वन विभाग के अधिकारियों ने गावों में अलर्ट जारी कर दिया है।
चारामा वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि पखांजूर, दुर्गुकोंदल, कापसी में घूम रहा हाथी बालोद जिले की सीमावर्ती गांव से होते हुए चारामा परिक्षेत्र में घुस गया है। चारामा वन परिक्षेत्र के विभिन्न गांव को पार कर हाथी आगे आगे बढ़ रहा है। वन विभाग लगातार हाथी की लोकेशन वॉच कर रहा है। ग्रामीणों को अलर्ट किया गया है। हाथी के रास्ते में न आने की हिदायत दी गई है। हाथी ने रात भर में छह से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचाया है। जिसका आंकलन किया जा रहा है। गांव में मुनादी भी कराई जा रही है। दंतैल हाथी के अचानक चारामा परिक्षेत्र के गांव में आने से लोगों में दहशत का माहौल है। जिन ग्रामीणों के घरों को नुकसान पहुंचाया गया वे दूसरे के घरों में शरण ले रहे हैं। गांव के बीच बस्ती में हाथी घुमता रहा। कई ग्रामीणों के घरों में रखे धान को भी हाथी चट कर गया है।