प्रेमी के लिए बच्चों सहित 3 देशों की सीमा पार कर भारत पहुंची पाकिस्तानी हसीना

भेद खुलते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रेमी के लिए बच्चों सहित 3 देशों की सीमा पार कर भारत पहुंची पाकिस्तानी हसीना

नोएडा (एजेंसी)। पाकिस्तानी महिला को आॅनलाइन गेम पबजी खेल के दौरान एक हिन्दुस्तानी लड़के से हुई दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। पाकिस्तान के कराची में 4 बच्चों संग रह रही सीमा हैदर के सिर पर हिन्दुस्तानी सचिन का प्यार इस कदर सवार हुआ कि उसने सारी सीमाएं लांघ डाली। तीन देशों का बॉर्डर लांघकर वह उम्र में 5 साल छोटे प्रेमी के पास चली आई। नोएडा में दोनों ने किराये के घर में गृहस्थी भी बसा ली। अब शादी की तैयारी में जुटे थे, लेकिन अचानक भेद खुलने से सभी पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गए हैं।
जानकारी के अनुसार 27 साल की सीमा हैदर ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि पाकिस्तान में उसका पति अक्सर मारपीट करता था। पिछले 4 साल से दोनों संपर्क में नहीं थे। इस बीच 2020 में लॉकडाउन के दौरान खाली टाइम में वह मोबाइल पर पबजी गेम खेलने लगी। खेल-खेल में उसकी दोस्ती नोएडा के सचिन से हो गई। ग्रोसरी स्टोर में काम करने वाला 22 साल का सचिन भी उसे दिल दे बैठा। दोनों में आॅनलाइन बातचीत होने लगी। जल्द ही दोनों ने जिंदगी साथ बिताने का फैसला कर लिया। सचिन के प्यार में सीमा हैदर ने भारत आने का पूरा प्लान तैयार किया और फिर सफलतापूर्वक अंजाम भी दिया।  इसी साल मई में सीमा हैदर ने कराची से एक फ्लाइट ली जिसे दुबई होते हुए नेपाल जाना था। चारों बच्चों के साथ सीमा दुबई होते हुए नेपाल के काठमांडू जा पहुंची। यहां से वह पोखरा चली गई। फिर उसने अवैध तरीके से सीमा भी पार कर ली। हैरानी की बात यह है कि उसने सुरक्षा एजेंसियों को भी गच्चा दे दिया। इसके बाद बस से वह दिल्ली पहुंची। इसके बाद नोएडा आकर सचिन से मुलाकात का उसका इंतजार खत्म हो गया। इधर ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में सचिन ने पहले से किराए का एक घर तैयार रखा था।

ऐसे खुला राज
सचिन और सीमा रबूपुरा के घर में एक महीने तक साथ रहे। इस दौरान उन्होंने शादी का प्लान बनाया। सीमा अपनी शादी को कानूनी सुरक्षा देना चाहती थी। इसके लिए यहां उसने एक वकील से संपर्क किया। वकील को जब पता चला कि सीमा पाकिस्तानी नागरिक है तो उन्होंने पुलिस को यह सूचना दे दी। सीमा ने वकील को बताया था कि उसका पहला पति सऊदी अरब में रहता है और अक्सर प्रताड़ित किया करता था। उसने यह भी बताया था कि उसका भाई पाकिस्तानी सेना में है। शुक्रवार को जब हैदर वकील के पास पहुंची तो उन्होंने भारतीय वीजा की मांग की जिस पर वह उठकर चली गई। वकील ने अपने सहयोगी को पीछे भेजा और पता लगाया कि वह रबूपुरा में रह रही है। भेद खुलने के डर से सचिन, हैदर और चारों बच्चों ने रबूपुरा छोड़ दिया। पुलिस ने सभी को शनिवार को हरियाणा जा रही बस से नीचे उतारकर हिरासत में लिया।