भाजपा ने एक घंटे तक किया वोरा निवास का घेराव

प्रदेश सरकार व विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी

भाजपा ने एक घंटे तक किया वोरा निवास का घेराव

दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में भाजपा ने बुधवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक घंटे तक पद्मनाभपुर स्थित कांगे्रस विधायक अरूण वोरा के निवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारी 12.20 बजे पद्मनाभपुर पहुंचे। लगभग 1.30 बजे तक नारेबाजी की। इस दौरान भाजपाईयों ने मटके भी फोड़े और जमीन पर बैठकर धरना भी दिया। वोरा निवास में लगे बैनर पोस्टर भी फाड़ दिए। 
भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूर्वान्ह 11 बजे से समृद्धि बाजार के पास एकत्रित होने शुरू हो गए थे। 12 बजे के आसपास अच्छी खासी भीड़ एकत्रित हो गई थी। आंदोलनरत भाजपाई उस वक्त हतप्रभ रह गए जब उन्होंने कांगे्रस विधायक अरूण वोरा को वहां पहुंचते देखा। श्री वोरा आंदोलनकारियों के पास स्वयं पहुंच गए और कहां कि धूप में परेशान न होना पड़े इसलिए मैं स्वयं आ गया हूं। मुझे अपनी सारी बातें बताएं। इस दौरान श्री वोरा ने भाजपाईयों को लडडू भी खिलाया लेकिन आंदोलनकारियों का कहना था कि हम आपके निवास तक आएंगे। इसके बाद श्री वोरा ने निवास में भाजपाईयों का इंतजार किया। भाजपा के नेता प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य कई मुद्दों को लेकर वोरा निवास में पहुंचे और उन्हें ज्ञापन दिया। आंदोलन के बाद श्री वोरा का कहना था कि 15 साल के कार्यकाल में भाजपा ने प्रदेश का कोई विकास नहीं किया। प्रदेश के कांगे्रस के शासनकाल में चार वर्ष तक कुंभकर्णीय निद्रा में सोये रहे अब चुनाव का समय आ रहा है तब इन्हें जनता की याद आ रही है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की नेतृत्व में कांगे्रस सरकार ने 4 साल में इतना काम किया है जितना भाजपा 15 साल में नहीं कर पाई है। दुर्ग शहर की जनता को मालूम है कि मैंने उनकी इमानदारी से सेवा की है और करता रहुंगा। दुर्ग शहर मेरा परिवार है। 
प्रदर्शन के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, महामंत्री ललित चन्द्राकर, प्रदेश उपाध्यक्ष गजेन्द्र यादव, नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा, सुरेन्द्र कौशिक, दिनेश देवांगन, पार्षद नरेश तेजवानी, सतीश समर्थ, आशिश निम्जे, राजेन्द्र पाद्धे, मनोज सोनी, राजा महोबिया, नरेन्द्र बंजारे, गायत्री साहू, हेमा शर्मा, जगदीश शर्मा, अल्का बाघमार, देवेन्द्र चन्देल, अजय तिवारी सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।