जंगल में लकड़ी काटने गए युवक को हाथी ने कुचलकर मारा

जंगल में लकड़ी काटने गए युवक को हाथी ने कुचलकर मारा

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में जंगली हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। ग्रामीण अपने चार साथियों के साथ लकड़ी लाने जंगल गया था। इसी दौरान जंगली हाथी से उसका सामना हो गया। बताया जा रहा है कि सभी ने जगल में शराब पिया था। घटना जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र की है। वन विभाग ने हाथी के हमले से मौत और अवैध कटाई दोनों का भी प्रकरण दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अमीर एक्का के रुप में हुई है जो ग्राम डोंगा दरहा का रहने वाला था। अमीर एक्का गांव के ही अन्य 4 साथियों के साथ जंगल से लकड़ी काटने अम्बाकछार जंगल गया था। इस दौरान रायगढ़ के लैलूंगा से जंगली हाथी अम्बाकछार पहुंच गया। जंगल में लकड़ी काट रहे ग्रामीणों की नजर जैसे ही हाथी पर पड़ी सभी भाग खड़े हुए। वहीं अमीर एक्का समय रहते मौके से भाग नहीं पाया और जंगली हाथी की चपेट में आ गया। बताया यह भी जा रहा है कि जंगल मे लकड़ी काटने के दौरान ग्रामीणों ने शराब का भी सेवन किया था और शराब के नशे में होने के कारण मृतक भाग नहीं पाया।

जशपुर डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वन परिक्षेत्र डोंगा दरहा की यह घटना है। वन परिक्षेत्र में एक लोनर हाथी जिले के तपकरा क्षेत्र में आया था। चार लोग अवैध तरीके से लकड़ी काटने के लिए जंगल में गए हुए थे। हाथी का लगातार ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही थी और गांव में मुनादी भी की गई थी।

इसके बावजूद भी लकड़ी काटने ग्रामीण जंगल में गए थे। इस मामले में अवैध तरीके से काटी गई लकड़ी और तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। वहीं मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि दे दी गई है और आगे कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के पत्थलगांव, कांसाबेल और तपकरा क्षेत्र में 4 दल में 25 हाथी विचरण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाथी के संबंध में वन विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था। इसके बाद भी अवैध कटाई करने जंगल पहुंचे थे।