कलेक्ट्रेट अफसर बनकर 4.35 लाख की ठगी, होटल से गिरफ्तार हुआ आरोपी

जशपुर से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर दो परिवारों से नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख 35 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को होटल से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी प्रदीप पंडा, उम्र 28 वर्ष, निवासी सोडापाठ चौक पुसौर जिला रायगढ़ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।

16 फरवरी 2026 को ग्राम इचकेला निवासी रोहित खाखा ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार आरोपी ने रोहित की मां से पहचान बढ़ाई और खुद को कलेक्ट्रेट का अधिकारी बताते हुए कहा कि सुरक्षा गार्ड की भर्ती चल रही है। पहले चरण में 50 हजार रुपये लिए गए। कुछ दिन बाद आरोपी फिर पहुंचा और कहा कि जॉइनिंग लेटर तैयार है, लेकिन 1 लाख 50 हजार रुपये और देने होंगे। बेटे की नौकरी की उम्मीद में मां ने गांव की जमीन गिरवी रखकर रकम दे दी।

यहीं बात खत्म नहीं हुई। आरोपी ने एक और पद खाली होने का झांसा देकर ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से संपर्क किया और उनसे भी 2 लाख 35 हजार रुपये ऐंठ लिए। महीनों बीत गए, लेकिन न जॉइनिंग लेटर मिला और न कोई नियुक्ति। जब आरोपी टालमटोल करने लगा, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे एक होटल से पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं आरोपी ने और लोगों को तो निशाना नहीं बनाया।
