स्कूल में 35 बच्चों ने काटी कलाई, जांच की मांग तेज

स्कूल में 35 बच्चों ने काटी कलाई, जांच की मांग तेज

धमतरी जिले के कुरूद ब्लॉक से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। ग्राम दहदहा स्थित शासकीय माध्यमिक स्कूल में पढ़ने वाले करीब 35 विद्यार्थियों ने अपनी कलाई काट ली। यह घटना करीब 20 दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन मामला अब सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक कक्षा छठवीं से आठवीं तक के छात्र–छात्राएं इस घटना में शामिल हैं। जब अभिभावकों को बच्चों की कलाई पर कट के निशान दिखे तो मामला पंचायत में उठाया गया। इसके बाद प्रशासनिक टीम स्कूल पहुंची और बच्चों से बातचीत की। पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन का प्राथमिक अनुमान है कि बच्चों ने एक-दूसरे को देखकर ऐसा कदम उठाया। हालांकि अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पूरे मामले की जांच जारी है।

इस घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नाराजगी जताई है। परिषद के पदाधिकारी डीईओ कार्यालय पहुंचे और सहायक संचालक आर एन मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर विशेष जांच समिति गठित करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। जिला संयोजक हितेश घृतलहरे ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर बच्चों द्वारा ऐसा कदम उठाया जाना बेहद गंभीर है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। अब सवाल यही है कि आखिर बच्चों ने ऐसा कदम क्यों उठाया। प्रशासन जांच में जुटा है, लेकिन इस घटना ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।