भिलाई में नर्सिंग छात्रा की चाकू मारकर हत्या, पीजी में घुसकर वारदात
वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर में वारदात, बेमेतरा की रहने वाली खुशी साहू की पीजी में घुसकर हत्या। सहेली के नहाने के दौरान आरोपी ने किया हमला, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। लकड़ी टाल के पास स्थित एक किराये के कमरे में रह रही 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान खुशी साहू (19) के रूप में हुई है। वह बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड के ग्राम कुम्ही की निवासी थी। करीब एक माह पहले ही वह नर्सिंग की पढ़ाई के लिए भिलाई आई थी। वह एक निजी नर्सिंग कॉलेज में अध्ययनरत थी और पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए वैशाली नगर स्थित एक निजी कैफे में नौकरी भी करती थी।
जानकारी के अनुसार खुशी अपनी सहेली के साथ रामनगर में किराये के कमरे में रहती थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच उसकी सहेली बाथरूम में नहा रही थी। इसी दौरान एक युवक कमरे में घुसा और खुशी पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जब सहेली बाहर निकली तो उसने खुशी को कमरे के फर्श पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। उसने तत्काल मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया गया। गंभीर रूप से घायल खुशी को इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल (सुपेला) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी संभावित पहलुओं, जिनमें व्यक्तिगत विवाद और अन्य कारण भी शामिल हैं, की जांच कर रही है। हालांकि हत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने रामनगर और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार तलाश की जा रही है।
