नारायणपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, 15 किलो प्रेशर कुकर IED समेत भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
पुलिस और 53वीं वाहिनी ITBP की संयुक्त कार्रवाई, जंगल में छिपाया गया नक्सली डम्प मिला, बम निरोधक दस्ते ने IED को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और 53वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डम्प बरामद किया गया, जिसमें 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED समेत भारी मात्रा में देशी हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली।

पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर 7 जुलाई 2026 को अड़िंगपार कैंप से ग्राम एडसमेटा और आसपास के जंगल क्षेत्र में एरिया डॉमिनेशन एवं सर्च अभियान चलाया गया। अभियान पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया और 53वीं वाहिनी ITBP के कमांडेंट संजय कुमार के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट आजाद सिंह ने किया। संयुक्त टीम में ITBP के 34 जवान, नारायणपुर पुलिस का एक प्रतिनिधि और पांच सदस्यीय बम निरोधक दस्ता शामिल था।
सर्चिंग के दौरान टीम को जंगल में छिपाकर रखा गया विस्फोटक और हथियारों का जखीरा मिला। बरामद 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED को बम निरोधक दस्ते ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नियंत्रित विस्फोट के जरिए मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
बरामद सामग्री
15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर IED (मौके पर सुरक्षित निष्क्रिय)
स्थानीय स्तर पर निर्मित रॉकेट लॉन्चर : 1
देशी 51 मिमी मोर्टार राउंड : 16
देशी 84 मिमी रॉकेट लॉन्चर राउंड : 5
देशी 40×46 मिमी बैरल ग्रेनेड लॉन्चर राउंड : 10
.303 राइफल के कारतूस : 8
सामरिक पाउच : 4
