‘जुरान’ का मंचन, बस्तर के आदिवासी जीवन की कहानी ने दर्शकों को किया भावुक





भिलाई। नेहरू नगर कालीबाड़ी का मंदिर प्रांगण शनिवार की शाम कला, संस्कृति और रंगमंच के अनूठे संगम का गवाह बना। मानव मंगल, नेहरू नगर कालीबाड़ी की ओर से दुर्गा पूजा बिजोया सम्मेलन 2026 के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध बांग्ला नाटक ‘जुरान’ का मंचन किया गया। खास बात यह रही कि कालीबाड़ी के मंदिर प्रांगण में पहली बार किसी नाटक का मंचन हुआ। इस पहल ने भिलाई के रंगमंच प्रेमियों और बंगाली समाज के लोगों के लिए शाम को यादगार बना दिया।
‘पूबेर हावा’ प्रवासी बंगाली सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास संस्था के तत्वावधान में प्रस्तुत नाटक की रचना और निर्देशन शुभेंदु बागची ने किया। नाटक में मानव मंगल के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। मंदिर परिसर में नाटक मंचन की लंबे समय से चली आ रही इच्छा इस आयोजन के साथ पूरी हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला एवं संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे।
बस्तर के आदिवासी जनजीवन को मंच पर किया जीवंत
नाटक ‘जुरान’ का मुख्य आकर्षण बस्तर का आदिवासी जनजीवन रहा। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से आदिवासी समाज की जीवनशैली, प्रकृति के साथ उनके गहरे जुड़ाव, सामाजिक परिस्थितियों, संघर्षों और मानवीय संवेदनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नाटक ने दर्शकों को मनोरंजन के साथ आदिवासी समाज के जीवन और प्रकृति के साथ मनुष्य के संबंधों पर विचार करने का अवसर भी दिया। लेखक एवं निर्देशक शुभेंदु बागची ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से बस्तर की संस्कृति और वहां के लोगों के जीवन के विविध पहलुओं को सामने रखा।
‘जुरान’ नाटक में इन कलाकारों ने निभाईं महत्वपूर्ण भूमिकाएं
नाटक में विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाकर कलाकारों ने कहानी को जीवंत बनाया। जुरान के पिता की भूमिका संदीप मलिक, मां की भूमिका सुजाता कोले और जुरान की भूमिका देबाशीष विश्वास ने निभाई। पार्थो के किरदार में प्रणब रॉय चटर्जी नजर आए। झिल्मी के पिता की भूमिका गिरीश हीरा, मां की भूमिका मीता दास और झिल्मी का किरदार श्रेया समद्दर ने निभाया। वहीं ढेलू की भूमिका प्रभात मंडल, दसरू की भूमिका मिहिर समद्दर, जुरान के दादा की भूमिका तपन रॉय और झिल्मी की दादी की भूमिका श्रीति दत्ता ने निभाई। अन्य भूमिकाओं में इमली के रूप में स्वाति मित्रा, बैगा बाबा के रूप में सुजीत भट्टाचार्य, उज्बे के रूप में शुभ्रा भट्टाचार्जी, सुमारी के रूप में मेरुना सिकदर और बुधियारी के रूप में कृष्णा दत्ता ने अभिनय किया। यंग जुरान की भूमिका रियार्थ मित्रा और युवा झिलमिल की भूमिका प्रीतिशा मिश्रा ने निभाई। इसके अलावा टी स्टॉल मालिक एवं दसरू की भूमिका मिहिर समद्दर ने, दुकान सहायक एवं ढेलू की भूमिका प्रभात मंडल ने तथा सब्जी विक्रेता की भूमिका पोरिचॉय मिश्रा ने निभाई।
गीत, संगीत, नृत्य और काव्य पाठ ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या में नाटक के अलावा गीत-संगीत, वाद्य संगीत, नृत्य और काव्य पाठ की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। संगीत प्रस्तुतियों में मनोरंजन दास, पंकज बर्मन, पम्पा अधिकारी, दीपंकर समद्दार, सोमा सिकदार, समित रॉय, मंजुला बोस, मीनाक्षी रॉय और मल्होत्रा सहित अन्य कलाकारों ने सहभागिता निभाई। काव्य पाठ में एचसी पाल, कुंडू, केसी साहा और मिनोति चौधुरी ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। नृत्य एवं वाद्य संगीत की प्रस्तुतियों में जिशु अधिकारी, प्रितिशा मिश्र, जोशिका, सचि और प्रीतम मिश्र सहित अन्य कलाकार शामिल हुए। मीता दास और समित रॉय ने कार्यक्रम का संचालन किया।
अनुभवी रंगकर्मियों की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
नाटक ‘जुरान’ के सफल मंचन में अनुभवी रंगकर्मियों की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शुभेंदु बागची ने लेखन, निर्देशन और सूत्रधार की भूमिका निभाई, जबकि बानी चक्रवर्ती ने सहायक निर्देशक के रूप में सहयोग किया। व्यवस्थापन की जिम्मेदारी मीता दास ने संभाली। पार्श्व संगीत दीपेंद्र हालदार ने तैयार किया। गायन में मनोरंजन दास और इंद्राणी मुखर्जी का योगदान रहा। मंच सज्जा प्रणब रॉय और प्रभात मंडल ने की।
मानव मंगल की टीम ने आयोजन को बनाया यादगार
कार्यक्रम को सफल बनाने में मानव मंगल, नेहरू नगर कालीबाड़ी की कार्यकारिणी और आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था के अध्यक्ष जवाहर डे, उपाध्यक्ष सुमित सिकदार एवं मीता दास, महासचिव दिबेन्दु सरखेल, दुर्गापूजा प्रभारी जयंत मित्रा, सांस्कृतिक प्रभारी मीता दास, कोषाध्यक्ष संदीप साहा और फूड प्रभारी समित रॉय ने आयोजन की व्यवस्थाओं में योगदान दिया। वहीं पंडाल, लाइट एवं साउंड की जिम्मेदारी मनीष सोनी ने संभाली।