तेज रफ्तार ट्रकों का कहर: बिजली विभाग के 4 पोल और लाइन क्षतिग्रस्त, दोनों चालक गिरफ्तार

तेज रफ्तार ट्रकों का कहर: बिजली विभाग के 4 पोल और लाइन क्षतिग्रस्त, दोनों चालक गिरफ्तार

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के चरोदा में तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण विद्युत विभाग की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों घटनाओं में ट्रकों की टक्कर से बिजली विभाग के कुल चार एच-बीम पोल और विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वाहन चालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों घटनाएं 20 नवंबर 2026 को हुई थीं। पहली घटना हनुमान मंदिर क्रॉसिंग, चरोदा के पास हुई, जहां ट्रक क्रमांक CG04MS7963 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बिजली विभाग के तीन एच-बीम पोल और निम्नदाब विद्युत लाइन को टक्कर मार दी। विद्युत विभाग की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 682/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस, धारा 139 विद्युत अधिनियम एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान ट्रक चालक की पहचान दिलीप यादव (31 वर्ष), निवासी संजय नगर सरोना, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को 22 नवंबर को दोपहर 1:50 बजे गिरफ्तार किया।

दूसरी घटना में 11 केवी बिजली लाइन हुई क्षतिग्रस्त

दूसरी घटना 20 नवंबर की रात करीब 2:18 बजे दुर्ग-रायपुर जीई रोड पर चिराग ढाबा, चरोदा के पास हुई। यहां वाहन क्रमांक MH-40-CM-9041 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बिजली विभाग के 11 केवी एच-बीम पोल एवं निम्नदाब विद्युत लाइन को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दुर्घटना के कारण 11 केवी चरोदा-1 विद्युत लाइन ट्रिप हो गई, जिससे 33 केवी रायपुर लाइन भी बंद हो गई थी।

विद्युत विभाग की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 681/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस, धारा 139 विद्युत अधिनियम एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। विवेचना में वाहन चालक की पहचान अशोक धुर्वे (31 वर्ष), निवासी ग्राम डिगोरी, जिला छिंदवाड़ा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे 22 नवंबर को दोपहर 2:20 बजे गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त ट्रक एवं वाहन को जप्त कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 22 नवंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुरानी भिलाई पुलिस की इस कार्रवाई के बाद तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाकर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले वाहन चालकों को लेकर सख्ती का संदेश दिया गया है।