युवती पर एसिड अटैक का 8 घंटे में खुलासा, कथित प्रेमी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

युवती पर एसिड अटैक का 8 घंटे में खुलासा, कथित प्रेमी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर (20) और उसके दोस्त करण कुंजाम (20) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, युवती 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में युवती के शरीर का दाहिना हिस्सा, चेहरा और आंख गंभीर रूप से झुलस गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होकर तांदुला डैम की ओर भाग गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में तत्काल जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन और डीएसपी विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

तीन महीने पहले रची गई थी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि युवती का कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर उससे शादी करना चाहता था। पुलिस के मुताबिक, युवती शादी के लिए तैयार नहीं थी और उसके किसी अन्य युवक से संपर्क में होने की बात से यश नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने करीब तीन महीने पहले ही युवती पर एसिड अटैक की साजिश रचनी शुरू कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, यश ने अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई। करण मूल रूप से भैरमगढ़, बीजापुर का रहने वाला है। यश के कहने पर करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा। अगले दिन दोनों ने कथित तौर पर एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई। हालांकि, उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण योजना सफल नहीं हो सकी।

लाइब्रेरी से लौटते समय किया हमला

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद दोनों ने दोबारा योजना बनाई। 5 अक्टूबर को जब युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तब यश के कहने पर करण ने उस पर एसिड फेंक दिया।

वारदात के बाद करण तांदुला बांध की ओर भागा। वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। इधर पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर यश पर संदेह किया।

पूछताछ में यश ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन लगातार पूछताछ के बाद पुलिस के अनुसार उसने युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की और करण के साथ मिलकर साजिश रचने की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करण की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है।

एसिड और कपड़े जब्त

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश कुमार सोनकर, निवासी ग्राम नेवारिकला, जिला बालोद और करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर के रूप में हुई है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकाने या परेशान करने जैसी गतिविधियों को नजरअंदाज न करें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।