तड़के 4 बजे दुर्ग पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 185 जवानों ने गुंडा-बदमाशों और संदिग्धों के ठिकाने खंगाले, बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद



दुर्ग। अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस ने मंगलवार तड़के जिले के दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुभाग में व्यापक विशेष चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले इस अभियान में पुलिस ने गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, वारंटियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध लोगों के ठिकानों की जांच की।
अभियान में तीनों अनुभागों से कुल 185 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने चिन्हित लोगों के घरों पर दबिश देकर उनकी तस्दीक की और पहचान व दस्तावेजों का सत्यापन किया। बाहरी क्षेत्रों से आकर निवास कर रहे संदिग्ध एवं अनधिकृत लोगों की भी जानकारी जुटाई गई।
देवार बस्ती और अटल आवास में घरों की तलाशी
छावनी अनुभाग के खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत देवार बस्ती और अटल आवास में पुलिस ने घर-घर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान धारदार हथियार और अवैध शराब बरामद होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
वहीं मोहन नगर थाना क्षेत्र में आदतन बदमाश राहुल गाडा के घर के पास एक बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस वाहन की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर राहुल गाडा को इस वाहन के मामले में आरोपी घोषित नहीं किया गया है।
इन इलाकों में चला अभियान
दुर्ग अनुभाग: उरला, अंबेडकर नगर, बांबे आवास, शंकर नगर, जवाहर नगर और ग्रीन चौक।
भिलाई नगर अनुभाग: फरीद नगर, डेरा बस्ती, सुपेला समेत अन्य चिन्हित क्षेत्र।
छावनी अनुभाग: खुर्सीपार थाना क्षेत्र की देवार बस्ती और अटल आवास समेत अन्य स्थान।
तीनों अनुभागों में इतनी रही पुलिस बल की तैनाती
दुर्ग अनुभाग: 67 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी
भिलाई नगर अनुभाग: 63 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी
छावनी अनुभाग: 55 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी
कुल: 185 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी
पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य फरार आरोपियों, वारंटियों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध ठिकानों की जांच करना था। अचानक और एक साथ की गई कार्रवाई के जरिए पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की तस्दीक की।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और मकान मालिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी रखें और किरायेदारों एवं अन्य निवासरत लोगों की पहचान का सत्यापन कराएं। किसी भी व्यक्ति के पास अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ या अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
