तहसील कार्यालय में ACB का ट्रैप, तहसीलदार और पटवारी 35 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अतिरिक्त तहसीलदार और एक पटवारी को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर धान उपार्जन केंद्र से जुड़े कार्यों को लेकर दबाव बनाकर रिश्वत मांगने का आरोप है। फिलहाल ACB ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

धान केंद्र प्रभारी से मांगी थी रिश्वत
ACB से मिली जानकारी के मुताबिक अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव ने चोरभट्टी स्थित धान उपार्जन केंद्र प्रभारी से 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने जब यह रकम देने से इनकार किया तो काम अटकाने और परेशान करने की बात कही गई।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान होकर धान केंद्र प्रभारी ने पूरे मामले की जानकारी ACB को दी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

चिह्नित नोट लेते ही दबिश, दोनों गिरफ्तार
योजना के तहत ACB टीम ने शिकायतकर्ता को चिह्नित नोटों के साथ तहसील कार्यालय भेजा। जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, ACB टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
पूछताछ जारी, आगे और खुलासे की संभावना
ACB अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में आगे भ्रष्टाचार से जुड़े अन्य पहलुओं और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
