शराब लेने गए युवकों पर हमला: लूट के विरोध में चाकूबाजी, एक की हालत नाजुक

शराब लेने गए युवकों पर हमला: लूट के विरोध में चाकूबाजी, एक की हालत नाजुक

बालोद। शहर के गंजपारा क्षेत्र में शराब लेने पहुंचे दो युवकों के साथ लूटपाट और चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। विरोध करने पर बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम घुमका निवासी 20 वर्षीय जय प्रकाश साहू अपने साथी गज्जू साहू के साथ शराब लेने गंजपारा स्थित दुकान पहुंचा था। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और शराब, नकदी व मोबाइल लूट लिया। जब युवकों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने जय प्रकाश साहू पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके पीठ, पेट, सिर, कमर, गला और उंगली समेत शरीर के आठ से अधिक हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के अनुसार, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज व मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच में जुटी है। फिलहाल तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंजपारा क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। वहीं, पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत थाने या हेल्पलाइन नंबर पर साझा करें, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।