नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 7500 किलो घी जब्त, चार गिरफ्तार

नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 7500 किलो घी जब्त, चार गिरफ्तार

जयपुर। राजधानी जयपुर में पुलिस ने आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की स्पेशल टीम और खोराबीसल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली घी बनाने वाली एक फैक्ट्री पर छापा मारा। इस दौरान करीब 7500 किलोग्राम नकली घी जब्त किया गया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक फैक्ट्री में वनस्पति और रिफाइंड सोयाबीन तेल को गर्म कर उसमें एसेंस मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा था। मौके से नकली घी, कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें भी बरामद की गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेंद्र गुप्ता, अनिल जोशी, भूपेंद्र और जगदीश शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अब तक करीब दो हजार लीटर नकली घी बाजार में खपा चुके हैं। यह घी सरस, लोट्स, अमूल, महान और कृष्णा जैसे नामों से नकली पैकिंग में बेचा जा रहा था।

पुलिस उपायुक्त हनुमान प्रसाद ने बताया कि यह फैक्ट्री पिछले एक साल से संचालित हो रही थी। यहां नकली घी को 15 किलो से लेकर 500 ग्राम तक के डिब्बों में पैक कर बाजार में सप्लाई किया जाता था। आरोपियों में राजेंद्र गुप्ता उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला है, जबकि अनिल और भूपेंद्र मध्य प्रदेश के ग्वालियर के निवासी हैं। वहीं जगदीश शर्मा जयपुर का निवासी बताया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नकली घी किन-किन इलाकों में सप्लाई किया गया था। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।