फर्जी पत्रकार गिरफ्तार: झूठी खबर की धमकी देकर शिक्षक से वसूली, 2 आरोपी जेल भेजे गए

फर्जी पत्रकार गिरफ्तार: झूठी खबर की धमकी देकर शिक्षक से वसूली, 2 आरोपी जेल भेजे गए

नारायणपुर। पत्रकारिता की आड़ में झूठी और नकारात्मक खबर बनाकर अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों को नारायणपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई सामने आई है। आरोप है कि आरोपी खुद को स्वदेश न्यूज़ इंडिया 24 न्यूज़, ग्रैंड न्यूज़, सीजी वार्ता और भारत भास्कर समाचार चैनल से जुड़ा पत्रकार बताकर एक शिक्षक को बदनाम करने वाली झूठी खबर प्रकाशित और प्रसारित करने की धमकी दे रहे थे और इसके बदले पैसे की मांग कर रहे थे।

मामले में प्रार्थी भुनेश्वर कर्मा ने 7 जनवरी 2026 को थाना नारायणपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना में आरोपियों की संलिप्तता प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाई गई।

गिरफ्तार आरोपियों में गेंद लाल मरकाम उर्फ गोलू मरकाम उम्र 32 वर्ष और संतोष नाग उम्र 40 वर्ष शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी इसी तरह कई शिक्षकों से झूठी खबरों के जरिए अवैध वसूली कर चुके हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

नारायणपुर पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक पीयूष कटियार, उप निरीक्षक राजकुमार राय, सहायक उप निरीक्षक गणेश मांडवी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।