टीएमसी नेता और पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का निधन, 71 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

टीएमसी नेता और पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का निधन, 71 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति से एक बड़ा नाम चला गया। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का निधन हो गया है। वे 71 वर्ष के थे और कोलकाता के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

उनके बेटे सुभ्रांशु रॉय ने बताया कि बीती रात करीब 1:30 बजे उन्हें अस्पताल में दिल का दौरा पड़ा। डॉक्टरों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। Mukul Roy तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे। पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर खड़ा करने में उनकी बड़ी भूमिका मानी जाती है। साल 2006 में वे राज्यसभा के लिए चुने गए और 2009 से 2012 तक राज्यसभा में पार्टी के नेता रहे।

राजनीतिक गलियारों में उन्हें संगठन क्षमता के लिए जाना जाता था। एक समय उन्हें बंगाल की राजनीति का चाणक्य भी कहा गया। हालांकि 2010 के दशक में पार्टी नेतृत्व से उनके रिश्ते बिगड़ने लगे। शारदा चिटफंड घोटाले के बाद मतभेद खुलकर सामने आए। फरवरी 2015 में उन्हें राष्ट्रीय महासचिव पद से हटा दिया गया और सितंबर 2017 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 2017 में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। बंगाल में भाजपा के विस्तार में उनकी भूमिका अहम रही। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 18 सीटों पर मिली जीत के पीछे उनकी रणनीति को भी बड़ा कारण माना गया। साल 2021 में वे कृष्णानगर उत्तर सीट से विधायक चुने गए। हालांकि कुछ ही समय बाद उन्होंने भाजपा छोड़कर फिर से तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। वापसी के बाद वे सक्रिय राजनीति में ज्यादा नजर नहीं आए।