संदिग्ध आईएस आतंकी हारिश अली गिरफ्तार, युवाओं का ब्रेनवॉश करने का आरोप, ATS अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से संदिग्ध आतंकी हारिश अली की गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मामले की जांच तेज कर दी गई है और कई जिलों में नेटवर्क खंगाला जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, हारिश अली को आतंकी संगठन आईएस से जुड़े होने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि वह अपने बीडीएस के साथियों का ब्रेनवॉश कर उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा की ओर धकेल रहा था। एटीएस को उसके लैपटॉप और मोबाइल से कई अहम सुराग मिले हैं। इसके बाद उसके कई सहपाठी जांच एजेंसियों के रडार पर आ गए हैं। मंगलवार को एटीएस ने कुछ साथियों को पूछताछ के लिए तलब भी किया।

सूत्रों के अनुसार, हारिश ने ‘अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन’ नाम से एक ग्रुप बनाकर मुरादाबाद समेत सहारनपुर, संभल, अमरोहा और बरेली जैसे कई जिलों के युवाओं को जोड़ने की कोशिश की थी और उन्हें भड़काने का काम कर रहा था। फिलहाल एटीएस आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी में है और इसके लिए अदालत में अर्जी दाखिल की जा रही है। साथ ही उसके डिजिटल डिवाइस की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी, ताकि डिलीट किए गए डेटा को भी रिकवर किया जा सके। पड़ोसियों के अनुसार हारिश का परिवार मानकमऊ में पीढ़ियों से रह रहा है। उसके दादा, परदादा न केवल आईटीसी कंपनी में काम करते थे, बल्कि क्षेत्र के प्रमुख जमींदारों में भी गिने जाते थे। हारिश के पिता रियासत अली भी आईटीसी में टेक्नीशियन के पद कार्यरत हैं। बताया कि वह रोजाना सुबह ड्यूटी पर निकल जाते हैं और शाम को ही घर लौटते हैं। हारिश की मां गृहिणी हैं, जो घर की जिम्मेदारियां संभालती हैं। परिवार के अन्य सदस्यों की बात करें तो उसका बड़ा भाई डॉ. आकिफ एमबीबीएस, एमडी डॉक्टर है और लखनऊ में कार्यरत हैं। वहीं उसकी बहन अरफा महाराष्ट्र में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।
