तेज रफ्तार कार का कहर: ट्यूशन से लौट रहे 13 साल के छात्र की मौत

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में एक बार फिर रफ्तार ने एक मासूम की जान ले ली। बोधघाट थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

आकाश नगर निवासी पवन पिल्लई का 13 वर्षीय बेटा दक्ष पिल्लई शनिवार शाम ट्यूशन से घर लौट रहा था। वह कालीपुर स्थित हेम एकेडमी में कक्षा सातवीं का छात्र था। शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट पर दक्ष अपने तीन दोस्तों के साथ साइकिल से घर की ओर आ रहा था। एलआईसी रोड पर माहरा समाज भवन के पास पहुंचते ही धरमपुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार सफेद क्रेटा कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दक्ष सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इंसानियत दिखाते हुए बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दक्ष अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। कार चालक की तलाश और हादसे की परिस्थितियों को लेकर पड़ताल जारी है।
