बंगाल सीएम के PA हत्याकांड में बड़ा खुलासा, यूपी-बिहार से 3 आरोपी गिरफ्तार

बंगाल सीएम के PA हत्याकांड में बड़ा खुलासा, यूपी-बिहार से 3 आरोपी गिरफ्तार
आरोपी राज सिंह

कोलकाता। चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में कोलकाता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को बारासात कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 13 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक, कोलकाता पुलिस ने यूपी के बलिया जिले के आनंद नगर निवासी राज सिंह को अयोध्या-बस्ती हाईवे से गिरफ्तार किया। वहीं बिहार के बक्सर से उसके दो साथियों मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्या को भी हिरासत में लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के लिए शूटरों की व्यवस्था करने और संसाधन उपलब्ध कराने में राज सिंह की अहम भूमिका थी। बताया जा रहा है कि 6 मई की रात कोलकाता के मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की हत्या की गई थी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए थे। हत्या के आरोपियों की तलाश में कोलकाता पुलिस पिछले पांच दिनों से यूपी और बिहार के कई जिलों में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को अयोध्या-बस्ती टोल प्लाजा पर किए गए एक यूपीआई पेमेंट से अहम सुराग मिला। जांच में पता चला कि हत्या के बाद फरार होते समय आरोपियों ने उसी यूपीआई आईडी से टोल भुगतान किया था।

सूत्रों के अनुसार, राज सिंह 7 मई को लखनऊ में आयोजित बलिया निवासी एक एमएलसी की बेटी की शादी में शामिल होने आया था। इसके बाद वह अपनी मां के साथ स्कॉर्पियो वाहन से अंबेडकरनगर और फिर अयोध्या दर्शन के लिए गया। वापसी के दौरान टोल प्लाजा पर किए गए डिजिटल भुगतान से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। अब कोलकाता पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।