सूर्या मॉल क्षेत्र में नो पार्किंग पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, काटे गए ई-चालान

दुर्ग। यातायात पुलिस दुर्ग ने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सूर्या मॉल क्षेत्र में नो पार्किंग अभियान चलाकर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की। इस दौरान मोटरयान अधिनियम के तहत कई वाहन चालकों के ई-चालान काटे गए।

पुलिस के मुताबिक, मॉल और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के कारण सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। शिकायत के बाद 11 मई 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान वार्ड पार्षद मुकेश अग्रवाल भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण अक्सर जाम जैसी स्थिति बन जाती है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल में ही वाहन खड़ा करने और सड़क पर यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश दिए। पुलिस ने साफ किया है कि यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
