बक्सर-फतुहा पैसेंजर में महिला से लूट का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, जेवर बरामद

बक्सर। बक्सर-फतुहा पैसेंजर ट्रेन में महिला यात्री से हुई लूट की वारदात का रेल पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में लूट को अंजाम देने वाले दो बदमाशों सहित लूट का सामान खरीदने वाले तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने महिला से छीने गए जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।

पटना रेल पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने सोमवार को बक्सर जीआरपी थाना में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी की सुबह दानापुर रेल मंडल के बक्सर-डुमरांव रेलखंड पर बरूना स्टेशन के पास चलती ट्रेन में महिला यात्री को हथियार दिखाकर लूटा गया था। पीड़िता सुनीता मिश्र, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पीसी कॉलेज के पास विश्वनाथ कॉलोनी की निवासी हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू और पिस्टल दिखाकर उनके कान से सोने की बाली और एक हजार रुपये नकद लूट लिए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए दानापुर रेल डीएसपी कंचन राज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और लगातार छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान झारखंड के जमशेदपुर थाना क्षेत्र के आदित्यपुर निवासी दिनेश पाठक और रोहतास जिले के खरवनिया गांव निवासी भोले शंकर पासवान उर्फ योगेश कश्यप को गिरफ्तार किया गया। दोनों की निशानदेही पर तीसरे आरोपी अमित वर्मा को भी पकड़ा गया, जो बक्सर शहर के ठठेरी बाजार स्थित प्रीति ज्वेलर्स का संचालक है। उसके पास से लूटे गए जेवरात बरामद किए गए। रेल एसपी आनंद कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।