ट्रक चालक की कुल्हाड़ी से हत्या: पत्नी, प्रेमी और एक अन्य पर FIR

ट्रक चालक की कुल्हाड़ी से हत्या: पत्नी, प्रेमी और एक अन्य पर FIR

इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के गांव पड़ियापुर में सोमवार सुबह सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया। ट्रक चालक रणवीर (40) का शव उसके घर के बाहर खून से लथपथ हालत में मिला। सिर, गले और चेहरे पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे।

सुबह करीब सात बजे रणवीर के पिता लाखन सिंह जब उसके घर पहुंचे तो बेटे का शव बाहर पड़ा देख उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसपी देहात श्रीशचंद्र, प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह और फॉरेंसिक टीम पहुंची। घर के अंदर बरामदे में खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

परिजनों का आरोप है कि रणवीर की पत्नी पूजा (38) ने अपने कथित प्रेमी अर्पित और उसके पिता सर्वेश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से पूजा और उसकी दो साल की बेटी घर से गायब हैं। रणवीर की बाइक भी मौके से नहीं मिली है। आशंका है कि आरोपी वारदात के बाद बाइक से फरार हुए। मृतक के भाई प्रदीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने पूजा, अर्पित और सर्वेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजन अवैध संबंधों को घटना की वजह बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।