शिवनाथ नदी में बहता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन, शव बाहर निकाल पुलिस को सौंपा

भिलाई-राजनांदगांव बायपास पुल के नीचे तेज बहाव में बहता दिखाई दिया था शव, पिपरछेड़ी-कोटनी क्षेत्र में SDRF की टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान

शिवनाथ नदी में बहता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन, शव बाहर निकाल पुलिस को सौंपा

दुर्ग। शिवनाथ नदी में रविवार 1 नवंबर को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बहता हुआ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। भिलाई-राजनांदगांव बायपास पुल के नीचे नदी के तेज बहाव में शव बहने की सूचना जिला कंट्रोल रूम दुर्ग को मिली। इसके बाद जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर SDRF की टीम तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

जानकारी के अनुसार, SDRF की टीम रेस्क्यू बोट, लाइफ जैकेट और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। नदी के तेज बहाव को देखते हुए टीम ने शव की दिशा का लगातार पता लगाया और पिपरछेड़ी-कोटनी क्षेत्र के आसपास सघन तलाशी अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद SDRF की टीम ने नदी के जलप्रवाह से अज्ञात पुरुष के शव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और मर्ग जांच के लिए शव को थाना पुलगांव की चौकी नगपुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।