भिलाई में डॉक्टर के सूने मकान से एक करोड़ की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 9 सदस्य गिरफ्तार, मास्टर माइंड फरार

रात 3 बजे पुलिस की घेराबंदी, चोरी का माल लेकर भाग रहे गिरोह के सदस्य दबोचे गए, भिलाई से यूपी तक दुर्ग पुलिस ने किया पीछा

भिलाई में डॉक्टर के सूने मकान से एक करोड़ की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 9 सदस्य गिरफ्तार, मास्टर माइंड फरार

भिलाई। दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में डॉक्टर के सूने मकान से हुई करीब एक करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में चोरी के आभूषण खरीदने वाला ज्वेलर्स, चोरी का माल छिपाने वाले और फरार आरोपी को भागने में मदद करने वाले सहयोगी भी शामिल हैं। हालांकि, मामले का मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

पुलिस के मुताबिक सुंदर नगर निवासी डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर एक सप्ताह के लिए बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर की सुबह जब वह वापस लौटीं तो घर की अलमारी से नकदी और सोने-चांदी एवं डायमंड के कीमती आभूषण गायब मिले। शिकायत पर वैशाली नगर थाने में अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली नगर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच में राहुल बंसोड़ और उसके साथियों की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने महाराष्ट्र के गोंदिया और नागपुर से लेकर उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक आरोपियों का पीछा किया।

पुलिस ने उत्तरप्रदेश से आरोपी प्रदीप कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर नकदी और सोने के आभूषण घर के कमरे के फर्श के नीचे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाए गए स्थान से बरामद किए गए।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी के सोने के आभूषण भदोही के वैष्णवी ज्वेलर्स के संचालक सोनू जायसवाल को कम कीमत पर बेचे गए थे। ज्वेलर्स ने कुछ आभूषणों को अपनी भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया था। पुलिस ने ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा चोरी का माल खपाने में सहयोग करने वाले सुजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक चोरी की रकम से आरोपियों ने वाहन और घरेलू सामान खरीदे। प्रदीप ने अपने घर में बोरिंग, मरम्मत और मोटर पंप लगवाने के साथ सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खरीदी। वहीं मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ चोरी की रकम से दिल्ली में सेकंड हैंड एक्सयूवी कार खरीदकर भिलाई लौट आया था।

पुलिस को सूचना मिली कि राहुल चोरी की नकदी और आभूषण अपने परिजनों के पास छिपाकर रखने के बाद उन्हें लेकर फरार होने की तैयारी में था। इसके लिए इनोवा वाहन की व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी की और तड़के करीब 3 बजे चोरी का माल लेकर जा रहे आरोपियों एवं सहयोगियों को पकड़ लिया।

इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बिस्किट, एक्सयूवी कार, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल इनोवा वाहन सहित मोबाइल फोन एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद और जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है।

मामले में रविंद्र बंसोड़, किरण बंसोड़, आयुष बंसोड़, रेखचंद्र देवांगन, आकाश कुमार श्रीपाद और अमन सिंह सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

1. प्रदीप कुमार चौधरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी हरीरामपुर, चौकी कटरा, थाना कोइरौना, जिला भदोही (उत्तरप्रदेश), हाल पता वृंदा नगर, वैशाली नगर, भिलाई।

2. सुजीत सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम नारायणपुर, थाना औराई, जिला मिर्जापुर (उत्तरप्रदेश)।

3. सोनू जायसवाल, उम्र 37 वर्ष, निवासी राजपुरा, भदोही, थाना सिटी कोतवाली, जिला भदोही (उत्तरप्रदेश)। (ज्वेलर्स एवं चोरी के आभूषणों का खरीददार)

4. रविन्द्र बंसोड़, उम्र 49 वर्ष, निवासी चंदनपारा, बाबादीप सिंह नगर, वार्ड क्रमांक 25, थाना वैशाली नगर, भिलाई, जिला दुर्ग।

5. किरण बंसोड़, उम्र 48 वर्ष, निवासी चंदनपारा, बाबादीप सिंह नगर, वार्ड क्रमांक 25, थाना वैशाली नगर, भिलाई, जिला दुर्ग।

6. आयुष बंसोड़, उम्र 29 वर्ष, निवासी बाबादीप सिंह नगर, चंदन नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।

7. रेखचंद्र देवांगन, उम्र 26 वर्ष, निवासी बाबादीप सिंह नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग। (सहयोगी)

8. आकाश कुमार श्रीपाद, उम्र 26 वर्ष, निवासी एलआईजी-68, हाउसिंग बोर्ड, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग। (इनोवा वाहन मालिक एवं सहयोगी)

9. अमन सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी वृंदा नगर, कैंप-01, मकान नंबर 53, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग। (सहयोगी)