जमीन बेचने के नाम पर 24.28 लाख की धोखाधड़ी, भिलाई में दो गिरफ्तार
दूसरे की जमीन को खुद की बताकर कराई रजिस्ट्री, मकान निर्माण के नाम पर भी वसूले रुपये; फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप

भिलाई। जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। आरोपियों ने दूसरे की जमीन को अपनी बताकर 1200 वर्गफीट प्लॉट का सौदा किया और मकान निर्माण के नाम पर एक व्यक्ति से अलग-अलग किस्तों में कुल 24 लाख 28 हजार रुपये वसूल लिए। बाद में पता चला कि जिस जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी, वह किसी अन्य महिला की है। शिकायत की जांच के बाद सुपेला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कोहका निवासी मोहन लाल देवांगन ने 7 अप्रैल 2025 को पुलिस अधीक्षक दुर्ग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2016 में मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने के दौरान उसकी मुलाकात अवतार सिंह से हुई थी। अवतार सिंह ने अपने साथी के साथ जमीन की खरीदी-बिक्री का काम करना बताया और मौजा कोहका स्थित खसरा नंबर 1704/88 में 1200 वर्गफीट का प्लॉट दिखाकर सौदा तय किया।
इसके बाद 30 सितंबर 2016 को प्रार्थी के पक्ष में जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन खरीदने और मकान निर्माण के नाम पर आरोपियों ने उससे अलग-अलग किस्तों में 23 लाख 28 हजार रुपये प्राप्त किए। बाद में उसे जानकारी मिली कि जिस जमीन पर मकान निर्माण कराया जा रहा था, वह वास्तव में माया सिंह नामक महिला की है।
मामले का खुलासा होने के बाद आरोपियों ने 22 सितंबर 2018 को इकरारनामा कर 23 लाख 28 हजार रुपये और रजिस्ट्री खर्च के एक लाख रुपये समेत कुल 24 लाख 28 हजार रुपये लौटाने का आश्वासन दिया। इसके लिए भारतीय स्टेट बैंक, सुपेला शाखा के तीन चेक भी दिए गए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण तीनों चेक अनादरित हो गए।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने 16 मार्च 2021 को मौजा कोहका की खसरा नंबर 1704/2 स्थित 1200 वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री चिरंजीवन कोनार नामक व्यक्ति को भी कथित तौर पर फर्जी तरीके से कराई। आरोपियों पर वास्तविक भूमि स्वामी को भुगतान किए बिना कूटरचित दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने का आरोप है।
शिकायत की जांच के बाद चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1635/2026 के तहत धारा 420, 120बी और 34 भादवि के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में अवतार सिंह और मनोज कुमार सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और जमीन से संबंधित दस्तावेजों की वैधानिकता की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
01 अवतार सिंह निवासी भिलाई, जिला दुर्ग
02 मनोज कुमार सोनी निवासी भिलाई, जिला दुर्ग