शेयर ट्रेडिंग में 4% मासिक मुनाफे का झांसा, 3.12 करोड़ की ठगी का आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

धमतरी। शेयर बाजार में निवेश कर हर महीने 4 प्रतिशत मुनाफा कमाने का लालच देकर निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को धमतरी पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अब तक 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की रकम निवेशकों से वसूल की थी। वह कलेक्ट्रेट रोड स्थित वेल्थ ट्रैकर कार्यालय की आड़ में लोगों को अपने जाल में फंसाता था। भरोसा जीतने के लिए स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत इकरारनामा और सिक्योरिटी के रूप में बैंक चेक भी देता था।
पुलिस के मुताबिक, मामले की शिकायत बालोद जिले के गुरूर निवासी 62 वर्षीय शिवकुमार साहू ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी विक्रम सिंह शाह के पास उन्होंने अपने परिजनों के साथ मिलकर 25 लाख रुपये निवेश किए थे। आरोपी ने शेयर मार्केट और ट्रेडिंग ऐप में रकम लगाने पर प्रतिमाह 4 प्रतिशत मुनाफा देने का भरोसा दिलाया था। शुरुआती कुछ महीनों तक लाभ देने का आश्वासन देकर उसने निवेशकों का विश्वास बनाए रखा, लेकिन बाद में मूलधन और मुनाफे की रकम लौटाना बंद कर दिया और फरार हो गया।
मामले की विवेचना में पुलिस के सामने ठगी का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ। जांच में पता चला कि आरोपी ने कई लोगों से बड़ी रकम एकत्र की थी। अब तक की जांच में संगीता सिन्हा से 81 लाख, अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख, भूषण सिन्हा से 28 लाख, चेतन सिन्हा से 16 लाख और प्रभुलाल सिन्हा से 12 लाख रुपये लेने की जानकारी सामने आई है। इस तरह कुल ठगी की रकम 3.12 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपी की लोकेशन इंदौर में मिली। इसके बाद टीम ने वहां घेराबंदी कर आरोपी विक्रम सिंह शाह (37) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से धमतरी के हटकेशर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी है। उसका वर्तमान पता रायपुर के अमलीडीह स्थित क्लासिक टॉवर में है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट तथा निवेशकों से संबंधित नोटरीकृत इकरारनामा और बैंक चेक जब्त किए हैं। आरोपी को 29 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि निवेशकों से वसूली गई करोड़ों रुपये की रकम कहां और किन माध्यमों से हस्तांतरित की गई। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका और आरोपी की संपत्तियों की भी पड़ताल की जा रही है।
निश्चित मुनाफे का लालच बना ठगी का हथियार
इस मामले में खास बात यह है कि आरोपी ने निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए बाकायदा कानूनी दस्तावेज और बैंक चेक का सहारा लिया। हर महीने 4 प्रतिशत निश्चित मुनाफे का वादा कर लोगों को बड़ी रकम निवेश करने के लिए तैयार किया। धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शेयर बाजार में असामान्य और निश्चित मासिक मुनाफे का दावा करने वाली योजनाओं से सावधान रहें।