चलती राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, लोगों ने कूदकर बचाई जान

कोटा रेल मंडल में शुक्रवार अल सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिचा रेलवे स्टेशनों के बीच हुआ, जहां आग ने देखते ही देखते ट्रेन के थर्ड एसी और एसएलआर कोच को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक कोच से धुआं और लपटें उठती देख ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन रुकते ही यात्री जान बचाने के लिए जल्दबाजी में नीचे उतरने लगे। कई यात्री अपना सामान तक ट्रेन में ही छोड़कर बाहर निकल आए। हादसे की सूचना मिलते ही कोटा रेलवे स्टेशन पर इमरजेंसी हूटर बजाया गया। इसके बाद मेडिकल टीम, रेलवे सुरक्षा बल और राहत-बचाव दल को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया।

रेलवे कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए तत्काल ओएचई (OHE) यानी ओवरहेड बिजली सप्लाई बंद करवाई, ताकि आग और अधिक न फैल सके। इस घटना के बाद कोटा रेल मंडल के इस रूट पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया और कई ट्रेनें रास्ते में रोकनी पड़ीं।
फिलहाल रेलवे की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन कोच को भारी नुकसान पहुंचा है।
