गांजा तस्करी के नेटवर्क पर बलरामपुर पुलिस का प्रहार, 2 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

एक आरोपी 607 ग्राम गांजा लेकर जा रहा था राजपुर, पूछताछ में खुला सप्लायर का राज; दूसरे आरोपी के पास से 1.493 किलो गांजा और 7,200 रुपये नकद बरामद

गांजा तस्करी के नेटवर्क पर बलरामपुर पुलिस का प्रहार, 2 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ बलरामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा कारोबार से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल 2 किलो 100 ग्राम गांजा तथा 7,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बलरामपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गांजा लेकर बलरामपुर से राजपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम बेलसर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 607 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान नोहऱ साय कुजूर (66 वर्ष), निवासी ग्राम बेलसर, थाना शंकरगढ़ के रूप में बताई। उसने पुलिस को बताया कि गांजा ग्राम सरनाडीह निवासी कुलदीप सिंह से 7,200 रुपये में खरीदा था।

पूछताछ में सामने आया दूसरे आरोपी का नाम

पहले आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सरनाडीह में दबिश दी और कुलदीप सिंह (52 वर्ष) पिता स्व. लल्लू सिंह, निवासी ग्राम सरनाडीह, थाना बलरामपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 493 ग्राम गांजा और गांजा बिक्री से प्राप्त 7,200 रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल 2 किलो 100 ग्राम गांजा और 7,200 रुपये नकद जब्त किए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 193/2026, धारा 20(ख)(ii)(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। दोनों को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। बलरामपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।