सूने मकान में लाखों की चोरी, विंडो एसी हटाकर घर में घुसे चोर, नकदी-जेवर लेकर फरार

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। परिवार के बाहर रहने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर विंडो एसी हटाकर घर के अंदर घुस गया और अलमारी में रखी नकदी, सोने के आभूषण व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गणेश चौक निवासी रजनीश सेठ 18 जुलाई 2026 से अपने परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने गए हुए हैं। घर की सुरक्षा के लिए एक गार्ड तैनात किया गया था, जो रोजाना रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक निगरानी करता था।
23 जुलाई की रात ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड ने मकान के पीछे लगी विंडो एसी को अपनी जगह से हटे हुए देखा। उसे चोरी की आशंका हुई तो उसने तत्काल फोन पर मकान मालिक रजनीश सेठ को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर रजनीश सेठ ने अपने बेटे और एक परिचित को घर भेजा। जांच में पता चला कि अज्ञात चोर विंडो एसी हटाकर घर के अंदर घुसा था। इसके बाद उसने अलमारी की चाबी का उपयोग कर अलमारी खोली और उसमें रखी नकदी व जेवरात चोरी कर लिए।
मकान मालिक ने वीडियो कॉल के जरिए घर की स्थिति देखी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अलमारी में करीब 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये तक की नकदी, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण तथा कुछ कीमती स्टोन रखे हुए थे। हालांकि, परिवार के शहर से बाहर होने के कारण चोरी गए सामान का अंतिम आकलन अभी नहीं हो सका है।
रजनीश सेठ ने पुलिस को बताया कि फिलहाल चोरी गए सामान का विवरण अनुमान के आधार पर दिया गया है। उनके वापस लौटने और घर का निरीक्षण करने के बाद ही चोरी की गई संपत्ति की वास्तविक सूची और कीमत स्पष्ट हो सकेगी।
प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि आरोपी ने पहले घर की स्थिति का जायजा लिया और पीछे की ओर से विंडो एसी हटाकर अंदर प्रवेश किया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
