एंबुलेंस में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 77 किलो गांजा के साथ महाराष्ट्र के 5 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस की आड़ में हो रही अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने 77 किलो अवैध गांजा जब्त कर महाराष्ट्र के 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एंबुलेंस, पायलेटिंग कार और मोबाइल फोन समेत कुल 50 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से महासमुंद की ओर एक एंबुलेंस वाहन क्रमांक MH 13 CU 0707 में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टेमरी जांच नाका में घेराबंदी की गई। इसी दौरान एंबुलेंस के आगे चल रही पायलेटिंग कार क्रमांक MH 12 NB 5277 को भी रोका गया।

पूछताछ में आरोपियों ने एंबुलेंस में गांजा छिपाकर ले जाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो अंदर से करीब 77 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा के बालीगुडा इलाके से गांजा लेकर महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंचाने की तैयारी में थे। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल किया, ताकि किसी को शक न हो सके। हालांकि पुलिस की सतर्कता से उनका पूरा नेटवर्क पकड़ में आ गया।
गिरफ्तार आरोपी
- आकाश उर्फ अक्षय जाधव (27), जिला धाराशिव महाराष्ट्र
- लिंबाजी जाधव (33), जिला धाराशिव महाराष्ट्र
- धनंजय लोखंडे (25), जिला शोलापुर महाराष्ट्र
- प्रथमेश पिंगले (20), जिला शोलापुर महाराष्ट्र
- अजय काले (25), जिला धाराशिव महाराष्ट्र

जब्त संपत्ति
- 77 किलो गांजा – कीमत लगभग 38.50 लाख रुपये
- एंबुलेंस वाहन – कीमत लगभग 8 लाख रुपये
- पायलेटिंग कार – कीमत लगभग 3 लाख रुपये
- 5 मोबाइल फोन – कीमत लगभग 95 हजार रुपये
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 68/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C) और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
