जंगल में मिला 5 किलो का कुकर IED, पुलिस और ITBP ने किया निष्क्रिय
बिजली पोल लगाने के लिए गड्ढा खोदते समय मिली थी संदिग्ध विस्फोटक सामग्री, कुतुल कैंप से 7 किलोमीटर दूर फरसबेडा रोड पर मिला IED, नियंत्रित विस्फोट से किया गया नष्ट

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में मिले 5 किलोग्राम वजनी संदिग्ध कुकर आईईडी को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। यह आईईडी ग्राम केहनार के जंगल में बिजली पोल लगाने के लिए गड्ढा खोदने के दौरान मिला था। नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्चिंग की और बम निरोधक दस्ते की मदद से विस्फोटक को नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट किया।
गड्ढा खोदते समय मिली संदिग्ध वस्तु
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को पुलिस सहायता केंद्र कुतुल क्षेत्र के ग्राम केहनार स्थित जंगल-पहाड़ी इलाके में बिजली पोल लगाने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध कुकर आईईडी दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक अंतु पोटाई के नेतृत्व में जिला पुलिस बल और आईटीबीपी की 41वीं वाहिनी के बम निरोधक दस्ते (BDS) की संयुक्त टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने केहनार-कुतुल मार्ग के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग की।
नियंत्रित विस्फोट से किया निष्क्रिय
सर्चिंग के दौरान कुतुल कैंप से करीब 7 किलोमीटर दूर फरसबेडा रोड पर 5 किलोग्राम वजनी संदिग्ध प्रेशर कुकर आईईडी बरामद हुआ। आईटीबीपी के बम निरोधक दस्ते ने आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरतते हुए नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से आईईडी को निष्क्रिय कर दिया। पूरी कार्रवाई के बाद संयुक्त सुरक्षा बल की टीम सुरक्षित वापस लौट आई।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल, पहाड़ी क्षेत्रों, सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसे छूने या हटाने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा बलों को दें।