नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर, भारतीय नागरिक की मौत, तीन घायल

नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर, भारतीय नागरिक की मौत, तीन घायल

काठमांडू। नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। लैंडिंग की कोशिश के दौरान फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि भारतीय मूल के एक नागरिक समेत तीन लोग घायल हुए हैं।

नेपाल पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:11 बजे सोलुखुम्बु जिले की खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर चार स्थित फेरेचे में हुआ। दोनों हेलीकॉप्टर लैंडिंग का प्रयास कर रहे थे, तभी वे आपस में टकरा गए। पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तामांग ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान वसंत कुमार बलरामरामाडु के रूप में हुई है। वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। हादसे में भारतीय मूल के 49 वर्षीय शैलेश कृष्ण पटेल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वह न्यूजीलैंड के निवासी हैं। उन्हें प्रभु हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट कर काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में दोनों हेलीकॉप्टरों के नेपाली पायलट भी घायल हुए हैं। फिशटेल एयर के पायलट रवींद्र प्रजापति और एयर डायनेस्टी के पायलट प्रज्वल केसी को उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक वसंत कुमार का शव लुकला के अस्पताल में ले जाया गया है। फेरेचे काठमांडू से करीब 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है और माउंट एवरेस्ट बेस कैंप जाने वाले प्रमुख रास्ते में पड़ता है। फिलहाल हादसे के समय दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार यात्रियों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।