4 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, दो नाबालिग पकड़े गए

सुपेला थाना पुलिस ने की कार्रवाई

 4 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, दो नाबालिग पकड़े गए

भिलाई। सुपेला थाना अंतर्गत स्मृति नगर चौकी पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में दो नाबालिग बालकों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में दोनों ने चार अलग-अलग मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2 लाख रुपए कीमत की चार मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की हैं।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी सौम्य दुबे (20 वर्ष), निवासी जिला बेमेतरा, वर्तमान में स्मृति नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करता है। उसने 6 मई को अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एएफ 1241 मकान के पास खड़ी की थी, जिसे रात में अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। मामले में स्मृति नगर चौकी में धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने मुखबिर सक्रिय किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने स्मृति नगर से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही चरोदा भिलाई, करंजा भिलाई और गदा चौक क्षेत्र से भी अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें पैशन प्रो क्रमांक सीजी 07 एएफ 1241, स्प्लेंडर क्रमांक सीजी 07 बीजेड 8554, पल्सर क्रमांक सीजी 25 एच 0978 और पल्सर क्रमांक सीजी 07 एबी 6553 शामिल हैं। पुलिस ने दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड दुर्ग के समक्ष प्रस्तुत किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ और चोरी की नियत से लगातार वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।