जुआरियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 मामलों में 48 आरोपी पकड़ाए, 83 हजार से ज्यादा नकद जब्त
नेवई से बोरी तक पुलिस की कार्रवाई, 12 ताश की गड्डियां बरामद; धारदार चापड़ लेकर लोगों को डराने वाला आरोपी भी गिरफ्तार


दुर्ग। जिले में अवैध जुआ और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 5 और 6 नवंबर को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ 12 प्रकरण दर्ज कर कुल 48 लोगों पर वैधानिक कार्रवाई की। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से 83 हजार 410 रुपये नकद और ताश की 12 गड्डियां जब्त की गईं। वहीं, नेवई थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चापड़ लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, जिले में अपराधों की रोकथाम और सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान जुआ खेलने की सूचनाओं पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश के जरिए जुआ खेलते मिले।
आठ थाना क्षेत्रों में पुलिस की दबिश
पुलिस ने नेवई, मोहन नगर, खुर्सीपार, धमधा, अमलेश्वर, उतई, नंदिनी और बोरी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। इनमें बीआरपी चौक रिसाली बस्ती, कैलाश नगर शिव मंदिर के पीछे, आदित्य नगर दुर्ग, खुर्सीपार के शासकीय स्कूल और बाबा बालकनाथ मंदिर के पास सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थान शामिल हैं।
इसके अलावा धमधा के तालाब पार, अमलेश्वर के नया बाड़ा चौक पहंदा, उतई के ग्राम छाता, नंदिनी के ग्राम देउरझाल और बोरी के ग्राम ढाबा में भी पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई की।
83,410 रुपये नकद और 12 ताश की गड्डियां जब्त
12 अलग-अलग जुआ प्रकरणों में पुलिस ने कुल 48 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की। मौके से 83,410 रुपये नकद और 52-52 पत्तों वाली ताश की कुल 12 गड्डियां जब्त की गईं। सभी मामलों में संबंधित अधिनियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई।
चापड़ लेकर घूम रहा आरोपी भी गिरफ्तार
जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही नेवई थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार लेकर घूम रहे एक व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की। बीआरपी चौक रिसाली बस्ती क्षेत्र में लोहे का धारदार चापड़ लेकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में शंभु विभार उर्फ उडिया (38 वर्ष), निवासी शंकर पारा, स्टेशन मरोदा को पकड़ा गया। उसके कब्जे से चापड़ जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।