पालघर में छत्तीसगढ़ की रस्साकशी टीम ने जीता स्वर्ण पदक, 39वीं सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

22 से 24 नवंबर तक महाराष्ट्र के पालघर में आयोजित प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ टीम ने कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़-पंजाब की टीमों को चुनौती देते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया

पालघर में छत्तीसगढ़ की रस्साकशी टीम ने जीता स्वर्ण पदक, 39वीं सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

भिलाई। महाराष्ट्र के पालघर में आयोजित 39वीं सीनियर रस्साकशी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। प्रतियोगिता का आयोजन 22 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ की सीनियर टीम ने विभिन्न राज्यों की टीमों के साथ मुकाबला करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया।

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम का मुकाबला कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़-पंजाब की टीमों से हुआ। खिलाड़ियों ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान दमदार प्रदर्शन, टीमवर्क और बेहतर तालमेल का परिचय दिया। इसी प्रदर्शन के दम पर छत्तीसगढ़ टीम ने स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। छत्तीसगढ़ की टीम में कप्तान तनु के साथ शोभा ठाकुर, गरिमा दौडिया, वाणी लोधी, प्रियंका सोनी, औरंगज़ेब खान, हर्षल वाघ, श्याम झा, मुरली मोहन और तौफीक अहमद शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी ताकत, तकनीक, अनुशासन और सामूहिक प्रयास के जरिए टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

छत्तीसगढ़ टीम की प्रतियोगिता से पहले तैयारी श्रीकांत, महासचिव छत्तीसगढ़ रस्साकशी संघ, वरिष्ठ खिलाड़ियों तथा हेड कोच गिरीश कुमार यादव के मार्गदर्शन में हुई। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए नियमित अभ्यास, तकनीकी प्रशिक्षण और टीम समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक के रूप में सामने आया। टीम की इस शानदार सफलता पर छत्तीसगढ़ रस्साकशी संघ के महासचिव श्रीकांत, जी. सुरेश पिल्लई, इंदरजीत सिंह, आनंद साहू, अजय यादव, नेहा यादव तथा संघ के सभी वरिष्ठ खिलाड़ियों ने विजेता टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं।