निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा ढहा, 15 से 20 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका

निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा ढहा, 15 से 20 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड क्षेत्र से बुधवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। मोशी इलाके में स्थित वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट साइट पर निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय निर्माण कार्य जारी था और मलबे के नीचे करीब 15 से 20 मजदूरों के दबे होने की आशंका है। यह परियोजना पिंपरी-चिंचवड नगर निगम द्वारा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। बचाव दल मलबा हटाकर फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी के हताहत होने या घायलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और जैसे-जैसे बचाव कार्य आगे बढ़ेगा, स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।