ऑटो में छूटा महिला का बैग, धमतरी पुलिस के आरक्षक ने खोजकर लौटाया

आरक्षक किशोर गायकवाड़ की ईमानदारी और संवेदनशीलता की हो रही सराहना, मोबाइल सहित कीमती सामान पाकर भावुक हुईं महिला

ऑटो में छूटा महिला का बैग, धमतरी पुलिस के आरक्षक ने खोजकर लौटाया

धमतरी। धमतरी पुलिस के एक आरक्षक ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए ऑटो में छूटा महिला का बैग और उसमें रखे कीमती सामान को सुरक्षित वापस लौटाया। पुलिस आरक्षक की इस सराहनीय पहल से महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर उन्होंने धमतरी पुलिस के प्रति आभार जताया।

मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला का बैग ऑटो में छूट गया था। बैग में मोबाइल फोन सहित अन्य जरूरी और कीमती सामान रखा हुआ था। इस दौरान थाना सिटी कोतवाली धमतरी में पदस्थ आरक्षक किशोर गायकवाड़ को बैग मिला। उन्होंने जिम्मेदारी और ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को सुरक्षित रखा और उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद बैग की मालकिन की पहचान कांकेर जिले के चारामा निवासी हिना यादव के रूप में हुई। इसके बाद आरक्षक किशोर गायकवाड़ ने थाना सिटी कोतवाली धमतरी में उन्हें उनका पूरा सामान सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। खोया हुआ सामान वापस मिलने पर हिना यादव भावुक हो गईं। उन्होंने धमतरी पुलिस और आरक्षक किशोर गायकवाड़ को धन्यवाद देते हुए उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ जनसेवा एवं आम नागरिकों की सहायता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। आरक्षक किशोर गायकवाड़ का यह कार्य पुलिस की संवेदनशीलता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है।